मंगलवार, 27 फ़रवरी 2018

कोलारस और मुंगावली में उप-चुनाव की मतगणना आज

मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा उप-चुनाव की मतगणना बुधवार 28 फरवरी को होगी. कोलारस उप-चुनाव के वोटों की गिनती के लिए 23 राउंड होंगे, जबकि मुंगावली में मतों की गणना 19 राउंड में होगी. कोलारस उप-चुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने दोनों जिलों के कलेक्टर और रिटर्निंग आॅफीसर से चर्चा कर मतगणना की तैयारियों की जानकारी ली. उन्होंने मतगणना में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरश: पालन करने को कहा है. मतगणना सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी. इसके पहले कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग-रूम से ईवीएम को बाहर निकाला जाएगा.  दोनों मतगणना स्थल पर त्रि-स्तरीय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. दोनों स्थल पर सीएपीएफ की एक-एक कम्पनी तथा स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है. प्राधिकार-पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. मतगणना स्थल पर कैमरा, मोबाइल आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा. मीडिया को जानकारी देने के लिए मतगणना स्थल पर मीडिया सेंटर भी बनाया गया है. सबसे पहले डाक मत-पत्र की गिनती की जाएगी. डाक मत-पत्र की गणना रिटर्निंग आॅफीसर की टेबिल पर होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें