उद्यानिकी विभाग की कृषक भ्रमण योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के सभी विकासखण्डों से चयनित 45 किसानों के दल को तीन दिवसीय भ्रमण के लिए जिला पंचायत सदस्य एवं कृषि स्थाई समिति के अध्यक्ष नेतराम कौरव द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. यह भ्रमण दल प्रदेश के नबीबाग भोपाल, सीहोर, इंदौर, उज्जैन तथा देवास में प्रगतिशील किसानों के खेतों का भ्रमण करेंगे तथा फसल उत्पादन की उन्नत तकनीक के संबंध में जानकारी प्राप्त करेंगे. उद्यानिकी क्षेत्र भ्रमण तथा प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य संरक्षित खेती के माध्यम से आधुनिक खेती के प्रति रूझान बढ़ाते हुए कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन के साथ वर्ष भर ताजी सब्जियां उपलब्ध कराना तथा फसलों को प्राकृतिक प्रकोप से सुरक्षा प्रदान कर कृषि को लाभ का धंधा बनाना है. उद्यानिकी विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि किसानों का यह दल कृषि महाविद्यालय एवं प्रगतिशील किसानों के क्षेत्रों का भ्रमण कर फसल उत्पादन की जानकारी प्राप्त करेंगे तथा संरक्षित खेती द्वारा उद्यानिकी फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित होंगे. किसान उद्यानिकी योजनाओं के तहत अपने खेतों पर ग्रीन हाउस, शेडनेट, पैक हाउस, प्लास्टिक मल्चिंग, वर्मी कम्पोस्ट इकाई आदि संरक्षित खेती के माध्यम से अपने खेत पर कम खर्च में वर्ष भर ताजी सब्जी एवं पुष्प उत्पादन कर आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे. साथ ही विपरीत मौसम में भी गुणवत्तायुक्त साग-सब्जी उत्पादन कर उपभोक्ताओं को वर्षभर उपलब्ध करा कर अधिकाधिक लाभ प्राप्त कर आर्थिक स्थित सुदृढ़ होगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें