गुरुवार, 22 फ़रवरी 2018

अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने कांग्रेस चलाएगी अभियान

प्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची में पाई गड़बड़ियों के बाद अब कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने के लिए अभियान चलाने का फैसला लिया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरूण यादव ने प्रदेश की सभी संगठन जिला इकाईयों, ब्लाक इकाईयों, जिला समंवयक, मोर्चा संगठनों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि, वे संबंधित क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विधानसभा चुनाव हेतु निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण कार्य के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय से मतदाता सूची प्राप्त कर जिला, ब्लाक, मंडलम, सेक्टर, मतदान-केंद्रवार नियुक्त बीएलए की भागीदारी सुनिश्चित कर मतदाता सूची में से अपात्र एवं अनुचित तथा दो-दो बार जुड़े नामों को तत्काल हटवाने क एवं पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए सक्रियता से कार्य करें. अपात्र नामों की गड़बड़ी प्राप्त होने पर साक्ष्य सहित जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत प्रेषित करें.
प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री चंद्रिका प्रसाद द्विवेदी ने कहा है कि कोलारस-मुंगावली विधानसभा के उपचुनाव में प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा मतदाता सूचियों में भारी पैमाने पर अनियमितताएं सामने आयी हैं, एक मतदाता पांच-पांच स्थानों पर अलग-अलग फोटो और एक फोटो के साथ दर्ज है. ऐसी स्थिति पूरे प्रदेश में होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. मतदाता सूची के कार्य को अत्यंत गंभीरता एवं प्राथमिकता से लेते हुए उक्त सभी क्षेत्रों में अपात्र मतदाताओं के नाम हटवाने और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में गतिशीलता लायें.   

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें