शुक्रवार, 23 फ़रवरी 2018

आरोप, शिकायतों का जारी रहा दौर

चौहान, सिंधिया के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना उपचुनाव
मध्यप्रदेश के मुंगावली और कोलारस में कल शनिवार को होने वाले मतदान के पूर्व भाजपा और कांग्रेस दोनों ही ओर से आरोप-प्रत्यारोपों और शिकायतों का दौर आज शुक्रवार को जारी रहा. गुरुवार की रात कांग्रेस प्रत्याशी के साथ हुई मारपीट के बाद कांग्रेस द्वारा भाजपा  सरकार के मंत्रियों ओर विधायकों को लेकर कई तरह के आरोप लगाए जाते रहे. यह चुनाव अब पूरी तरह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए प्रतिष्ठा बन गया है.
मुंगावली और कोलारस में गुरुवार की शाम मतदान थमने के बाद देर रात को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कोलारस के कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र सिंह यादव के साथ मारपीट मामले को लेकर कांग्रेस आज पूरी तरह से भाजपा को घेरते नजर आई. वैसे बीती रात से ही कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग तक को शिकायत कर दी. सिंधिया ने खुद दिल्ली में चुनाव आयोग को इसकी शिकायत की. वहीं राजधानी और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस नेता भी शिकायतों को लेकर सक्रिय रहे. कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी यादव के घायल होने के बाद कांग्रेस द्वारा यह आरोप लगाया गया कि भिंड के विधायक नरेन्द्र कुशवाह के बेटे उनकी गाड़ी में रुपए रखकर बांट रहे थे. वहीं भाजपा ने मुंगावली में कांग्रेस प्रत्याशी पर रुपए बांटने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के विधायक बृजेन्द्र प्रतापसिंह के साथ प्रत्याशी की नोट वितरित करते फोटो जारी की है. दोनों ही दलों भाजपा और कांग्रेस द्वारा एक-दूसरे पर नोट वितरित किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं और मामला चुनाव आयोग तक जा पहुंचा है.
भाजपा विधायक के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
कोलारस से कांग्रेस प्रत्याशी यादव ने  आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने ने कल गुरुवार की रात भिंड के भारतीय जनता पार्टी विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह की गाड़ी को रुकवाया और उसकी तलाशी लेने के लिए कहा, इसलिए पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने गाड़ी में रकम होने के बारे में भी पुलिस को सूचना दी और तलाशी लेने को कहा, लेकिन तभी भीड़ इकट्ठी हो गई और पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए विधायक की गाड़ी को निकलने का मौका दे दिया.  कल रात इस मामले में खासा बवाल मचने के बाद शिवपुरी जिला पुलिस ने भाजपा विधायक कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
सागर के भाजपा विधायक को लिया हिरासत में
मुंगावली में आज शुक्रवार की सुबह जिला पुलिस ने सागर के भाजपा विधायक को मुंगावली क्षेत्र में घूमता पाया जाने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया. जैन को जिले की सीमा से बाहर भेजते हुए उनकी गाड़ी जब्त कर ली गई है. मुंगावली में ही कल  भाजपा की ओर से सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल की गई थी, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी कथित तौर पर मतदाताओं को पैसे बांटते हुए दिखाई दे रहे थे. इस तस्वीर के आधार पर आज भाजपा की जिला इकाई ने चुनाव प्रेक्षक राजेश कुमार और जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बी एस चौधरी से कांग्रेस प्रत्याशी को अयोग्य घोषित करने की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई है.
आयोग ने मांगी प्रेक्षकों से रिपोर्ट
कोलारस विधानसभा क्षेत्र के खतौरा में गुरुवार को चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कथित रूप से नोट बांटने के मामले को लेकर हुई हिंसा और लाठीचार्ज के बाद चुनाव आयोग सक्रिय हो गया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत ने मामले की रिपोर्ट प्रेक्षकों से मांगी है. चुनावी हिंसा के बाद कोलारस क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है. कोलारस के इंदार थाना क्षेत्र के खतौरा गांव में कांग्रेस और भाजपा कार्यकतार्ओं के बीच हुई माारपीट को चुनाव आयोग ने बेहद गंभीरता से लिया है. इसमें अफसरों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें