शुक्रवार, 23 फ़रवरी 2018

रेल हादसे से निपटने का किया लाइव रीक्रिएशन

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज पश्चिम मध्य रेलवे ने हादसों से निपटने की अपनी तैयारियों को परखने के लिए 'लाइव रीक्रिएशन' किया. इसके लिए भोपाल से सटे सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की बोगियों को दूसरी बोगियों पर चढ़ाया गया. रेलवे के अधिकारियों के साथ राहत एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों ने इसमें भाग लिया. राजधानी के सूखी सेवनिया इलाके में इस अभ्यास के लिए पूरा दृश्य तैयार किया गया था. एक स्लीपर बोगी को जनरल बोगी को ऊपर चढ़ाया गया था और एक स्लीपर कोच को डीरेल किया गया था, ताकि व्यावहारिक परेशानियों को समझा जा सके.  इस दौरान रेलवे के कर्मचारियों को पीड़ितों के तौर पर बोगियों के अंदर पूरे मेकओवर के साथ तैयार किया गया था, जबकि बोगियों के नीचे पुतलों को मृतकों के रुप में दिखाया गया था. बोगियों के अंदर यात्री के रूप में मौजूद रेलकर्मी दर्द से कराह रहे थे और मदद के शोर मचा रहे थे. रेलवे अफसरों के मुताबिक सभी टीमों ने समय पर पहुंचकर अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया. आज शुक्रवार की 11 बजे हादसे की सूचना जारी की गई थी. 15 मिनट के भीतर सभी इमरजेंसी सुविधाएं मौके के लिए रवाना हो चुकी थीं. रेलवे के इस ड्रील के दौरान घायलों को बोगी की छत काटकर बाहर निकाला गया जबकि अन्य पीडितों को खिड़कियां काटकर बाहर निकाला गया.  पश्चिम मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आईए सिद्दीकी ने बताया कि हादसों से निपटने की तैयारियों के लिए सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन पर लाइव रीक्रिएशन किया गया. हादसे के दौरान अंदर फंसे यात्रियों को किस प्रकार निकाला जाए और गैस कटर से बोगियों को काटने की प्रक्रिया की पूरी तरह जांच की गई.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें