शनिवार, 24 फ़रवरी 2018

बारिश के पहले पूरे करें सभी अधूरे कार्य,

   बारिश शुरू होने के पहले ही सभी अधूरे कार्य हर हाल में पूरे कर लें. किसी भी सूरत काम बंद नही होना चाहिए. सागर के कमिश्नर आशुतोष अवस्थी ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) एवं मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (एमपीजीएसडीए) द्वारा किये जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिये. बैठक में संयुक्त आयुक्त (विकास) डॉ. राजेश राय एवं दोनों ही विभागों के संभागीय एवं जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद थे.
   कमिश्नर अवस्थी ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के अधीक्षण यंत्री व सभी जिलों के कार्यपालन यंत्रियों को निर्देशित किया कि वे बुंदेलखण्ड विशेष पैकेज के तहत बनाये गये सभी स्टॉप डैम्स व चैक डैम्स की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करायें. जरूरी हो तो मरम्मत भी करायें इसके बाद इन स्टॉप डैम्स व चैक डैम्स को संबंधित ग्राम पंचायतों को दे दें. बीआरजीएफ की समीक्षा में टीकमगढ़ जिले में कम प्रगति पायी गई. इस पर कमिश्नर ने दूरभाष पर कलेक्टर टीकमगढ़ को अगले सात दिन में सारी राशि जारी कर देने के निर्देश दिये. उन्होंने सागर जिले के ईई को निर्देशित किया कि वे देवरी ब्लॉक के महराजपुर उमावि में पांच एकड़ जमीन में सुन्दर ग्रामीण खेल परिसर (स्टेडियम) बनायें.    कमिश्नर अवस्थी ने ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के पुराने कामों की भी समीक्षा की. टीकमगढ़ जिले में कम प्रगति मिलने पर कमिश्नर ने सीईओ जिला पंचायत टीकमगढ़ को पुराने कामों की समीक्षा करने और काम पूर्ण कराने के निर्देश दिये. उन्होंने आरईएस के अधिकारियों से कहा कि वे आंगनवाड़ी केन्द्र व अन्य श्रेणी के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर ध्यान दें. भवनों में अच्छे से रंगरोगन करायें, परिसरों में सीमेंट के ट्री गार्ड सहित ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करायें. उन्होंने कहा कि मनरेगा व अन्य मदों से हर ग्राम पंचायत में एक-एक बड़ा तालाब व हर गांव के एक-एक नाले में गेबियन संरचनायें बनायें. इससे पानी रूकेगा. गांव का जलस्तर बढ़ेगा. गांव में पानी मिलने से खेत-खलिहान और लोगों के जीवन में खुशहाली आयेगी. उन्होंने कहा कि जलाभिषेक अभियान के तहत हर सब-इंजीनियर को अधिकाधिक जल संरचनायें बनाने का लक्ष्य दें.
मई अंत तक सारी अधूरी सड़कें पूरी कर लें
   बैठक में कमिश्नर अवस्थी ने म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (एमपीजीएसडीए) के कार्यों की भी समीक्षा की. बैठक में बताया गया कि एमपीजीएसडीए को भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 5 हजार किलोमीटर सड़के बनाने का लक्ष्य दिया गया है. योजना का प्रथम चरण लगभग पूर्णता की ओर है. इस चरण के सभी काम मार्च अंत तक पूरे कर लिये जायेंगे. द्वितीय चरण में मंजूर सड़कों के काम चल रहे हैं. इस कमिश्नर
 अवस्थी ने कहा कि दूसरे चरण के कार्य भी मई अंत तक (बारिश आने से पहले) पूरे कर लें. कमिश्नर ने संभाग के सभी जिलों के महाप्रबंधकों से प्रथम व द्वितीय चरण में मंजूर हुई सड़कों की निर्माण प्रगति की बारी-बारी से जानकारी ली. सभी महाप्रबंधको ने बारिश से पहले काम पूरा कर लेने की कार्य प्रतिबद्धता व्यक्त की. इस पर कमिश्नर ने कहा कि सभी काम पूरी गुणवत्ता के साथ पूरे कराये जायें, जिला भ्रमण के दौरान वे इन सड़कों का भी मुआयना करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें