मंगलवार, 27 फ़रवरी 2018

श्रीदेवी, शशि कपूर को नहीं दी श्रद्धांजलि

 दिवंगतों की सूची से नाम हटाया, कांग्रेस विधायक हुए नाराज 
मध्यप्रदेश विधानसभा में आज दिवंगतों को श्रद्धांजलि के दौरान मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी और अभिनेता शशि कपूर को श्रद्धांजलि नहीं दी गई. सदन की कार्रवाई शुरु होने के कुछ समय पूर्व ही यह फैसला लिया और दिवंगतों की सूची से दोनों का नाम काट दिया गया.  मशहूर अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु के समय शराब पिए होने की वजह से मध्यप्रदेश की विधानसभा ने उन्हें श्रद्धांजलि देने का फैसला बदल दिया है. यही नहीं श्रीदेवी के साथ-साथ वरिष्ठ अभिनेता शशि कपूर का नाम भी श्रद्धांजलि सूची से हटा दिया गया है. इस बात की जानकारी जब कांग्रेस विधायकों को लगी तो वे नाराज हो गए. कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह ने कहा कि श्रीदेवी सांप्रदायिकता का विरोध करती थी. वे इस विषय को सदन में पूरी ताकत के साथ आगामी बैठक में रखेंगे. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा के दबाव में सरकार ने श्रीदेवी एवं शशिकपूर का नाम सूची से हटाया है.  उल्लेखनीय है कि आज मंगलवार के लिए जो कार्य सूची बनी, उसमें पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के अलावा 11 अन्य नाम थे. इनमें फिल्म अभिनेता शशि कपूर और अभिनेत्री श्रीदेवी का भी नाम था लेकिन दोपहर बाद जब यह खबर आई कि श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने की वजह से हुई है. उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह भी पता चला कि मरते वक्त उन्होंने शराब पी रखी थी. ऐसे में भाजपा के नेताओं ने कार्य सूची में से उनका नाम हटाने का फैसला किया.  जानकारी के मुताबिक, संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र के कहने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर सीताशरण शर्मा ने श्रीदेवी का नाम निधन उल्लेख सूची से निकलवा दिया. उनके साथ शशि कपूर का भी नाम निकाल दिया गया. हालांकि, यह नहीं बताया गया कि शशि कपूर का नाम क्यों हटाया गया, लेकिन श्रीदेवी के नाम का नाम हटाने की वजह स्पष्ट बता दी गई. इस मामले में विधानसभा अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा का कहना है कि राजनीति क्षेत्र के विधायक, सांसद या फिर इस क्षेत्र में काम करने वाले दिवंगतों को ही सदन में श्रद्धांजलि दी जानी चाहिए. दोनों का नाम हटाए गए हैं, ये कोई विषय नहीं है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें