राजधानी के रेलवे स्टेशन के करीब स्थित नेशनल टेक्सटाईल कॉर्परेशन लिमेटेड की न्यू भोपाल टेक्सटाइल मिल में आज रविवार तड़के लगी भीषण आग में करोड़ों रुपए की संपत्ति जलकर खाक हो गई. भीषण आग पर करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद दर्जनों फायर ब्रिगेड और आर्मी की एक कंपनी ने काबू पाया. आग में कपड़ा मिल में करीब 100 करोड़ की लगाई गई नई यूनिट, गोदाम में रखा कच्चा माल और तैयार कपड़ा या तो पूरी तरह जलकर खाक हो गया है या किसी काम का नहीं बचा है.शनिवार-रविवार की दरमियानी रात के बाद कुछ लोगों ने फैक्ट्री में से आग की लपटें उठते देखीं. आनन-फानन में फायर बिग्रेड और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर सबसे पहले नगर निगम की फायर बिग्रेड पहुंची. स्थिति भयावह होते देख इऌएछ और फौज की फायर बिग्रेडों को भी आग बुझाने के लिए बुलवा लिया गया. बाद में भोपाल के आस पास के जिलों की भी दर्जनों फायर बिग्रेड़ों को बुलवाकर आग बुझाने के काम में लगाया गया. आग बुझाने के लिए सेना के करीब 100 जवानों की भी सेवाएं ली गई. करीब 6 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस आग में किसी जनहानि की सूचना नहीं है. एक कर्मचारी के हाथ झुलस जाने की खबर बताई जा रही है. आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने कपड़ा मिल के आसपास के क्षेत्रों को खाली करा दिया था. फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. बताया जा रहा है कि मिल के अंदर आग बुझाने वाले यंत्र तो मौजूद थे, लेकिन वो बंद थे. अगर इस लापरवाही को नजरअंदाज किया जाता तो इतनी बड़ी आग नहीं लगती और यहां काम करने वाले लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट नहीं खड़ा होता. जानकारी लगते ही नरेला विधायक विश्वास सारंग लोगों से कहा है कि सरकार उनके साथ है. मिल में काम करने वाले लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट नहीं आने दिया जाएगा. साथ ही पूरे मामले की जांच की बात भी कही है.
घटना की उच्चस्तरीय जांच हो
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भोपाल की सबसे पुरानी कपड़ा मिल में लगी आग पर दु:ख व्यक्त करते हुए सरकार से कहा है की वे इस पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाने के साथ यह भी सुनिश्चित करें की इसका कोई प्रभाव वहां काम करने वालों के रोजगार पर न पड़े. सिंह ने कहा कि राजधानी भोपाल में लोगों को रोजगार देने वाली कपड़ा मिल में लगी आग निश्चित ही दु:खद है. इसमें आग लगने से हजारों परिवार के सामने संकट खड़ा हो गया है. उन्होंने कहा की कपड़ा मिल में फिर से काम शुरू हो इस बात का प्रयास सरकार करें और आग लगने के कारणों का पता लगाए जाएं.
मुख्यमंत्री ने कहा सरकार व्यापारियों के साथ
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट कर फायर ब्रिगेडकर्मयों तारीफ की है. चांदबड़ कपड़ा मिल में लगी आग पर स्थानीय नागरिकों एवं दमकलकर्मियों ने जिस तत्परता से काबू पाया और किसी तरह की जनहानि नहीं होने दी, वह सराहनीय है. प्रदेश सरकार संकट की हर घड़ी में व्यापारियों के साथ खड़ी है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें