सोमवार, 26 फ़रवरी 2018

कांग्रेस के हंगामें के साथ शुरु हुआ बजट सत्र

मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार को कांग्रेस के हंगामें के साथ हुआ. कांग्रेस ने किसानों की मांगों को लेकर राज्यपाल आनंदीबने पटेल के अभिभाषण के दौरान नारेबाजी की और पोस्टर दिखाए.कांग्रेस  के हंगामें के बीच ही राज्यपाल को अपना अभिभाषण पूरा करना पड़ा.अभिभाषण पूरा होने के बाद विधानसभा की आज की कार्यवाही कल मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई.
कांग्रेस विधायकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सदन में प्रवेश किया. कांग्रेस विधायकों का आरोप था कि प्रदेश में किसानों की हालत खराब है, जिस पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है, या तो सरकार किसानों का कर्ज माफ करे या फिर गद्दी छोड़ दे. पहले दिन सदन में कांग्रेस विधायकों ने किसानों का कर्ज माफ करो के नारे लगाए. इसके अलावा पोस्टर भी दिखाए. विधानसभा अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा ने कई बार प्रयास किया कि कांग्रेस विधायक शांत हो जाएं, मगर कांग्रेस विधायकों द्वारा नारेबाजी की जाती रही. हंगामें के बीच ही राज्यपाल को अपना अभिभाषण पूरा करना  पड़ा. चतुर्दश विधानसभा का बजट सत्र 28 मार्च तक चलेगा. विधानसभा सत्र में वित्त मंत्री जयंत मलैया 28 फरवरी को राज्य का बजट पेश करेंगे. कांग्रे्रस विधायकों के हंगामें को लेकर विधानसभा परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विपक्ष सदन में बाहुबल नहीं बुद्धिबल का प्रयोग करे. उन्होंने कहा कि सदन में चर्चा के लिए नियम प्रक्रिया के तहत जिस विषय पर चर्चा चाहें होगी, लेकिन बेवजह हल्ला मचाया जाए, यह ठीक नहीं है. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के बयान पर कहा कि 12 साल से विपक्ष ऐसी ही बोल रहा है. उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी आज साइकिल यात्रा के साथ राजधानी पहुंचे.पुराने शहर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह उनके साथ विधानसभा पहुंचे.  जीतू पटवारी रविवार को इंदौर से साइकिल यात्रा शुरु की थी, उन्होंने सरकार का ध्यान किसानों की ओर आकर्षित करने के लिए यह यात्रा शुरु की है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें