रविवार, 25 फ़रवरी 2018

राजधानी में भालू का आतंक, ग्रामीणों में दहशत

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भालू के आतंक से हड़कंप मच गया है. भालू ने छह लोगों को घायल कर दिया. वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन भालू खेत की ओर भाग गया. इलाके में भालू की मौजूदगी से तीन गांव के ग्रामीणों में दहशत हैं.  राजधानी भोपाल के भानपुर इलाके में रासलाखेड़ी के खेतों में जब ग्रामीणों ने सर्चिंग आॅपरेशन चलाया, तो भालू के सामने आने पर सबके होश उड़ गए. ग्रामीण गेहूं के खेत में भालू की तलाश करते रहे.  इसी दौरान खेत के किनारे भालू ने एक ग्रामीण पर जानलेवा हमला किया, तो हड़कंप मच गया. सभी अपनी जान बचाकर भागने लगे.  लोगों को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही भालू खेत की ओर चला गया और लोगों को उसका पता नहीं चला. घायल ग्रामीण को लोगों ने सहारा देकर  अस्पताल भेजा. वन विभाग की टीम ने भी सर्चिंग की, लेकिन भालू का कहीं पता नहीं चला. इससे पहले भालू ने मृदा अनुसंधान केंद्र परिसर में डायरेक्टर अशोक कुमार पात्रा के ड्राइवर पर सुखराम पर हमला किया. यहां से हमला करने के बाद बेकाबू हुआ भालू शबरी नगर समेत आधा दर्जन कॉलोनी से होता हुआ रासलाखेड़ी गांव पहुंचा. इस दौरान भालू ने पांच लोगों को घायल कर दिया. घायलों में एक बच्ची भी शामिल है. 
भोपाल वृत्त के सीसीएफ डॉक्टर एसपी तिवारी ने बताया कि सुबह रहवासियों की सूचना पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है. मौके पर भालू को पकड़ने के लिए टीमें तैनात है. पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है, ताकि अब भालू किसी और को घायल ना कर सके. अभी लोगों ने उसे भागने का प्रयास किया था, इस पर भालू ने हमला कर दिया. इससे तीन-चार लोगों को मामूली चोट आई हैं. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गर्मियों का मौसम शुरू होते ही पानी की तलाश में कई बार जंगली जानवर रहवासी एरिया का रुख कर लेते हैं. अधिकारियों का कहना है कि भालू को शीघ्र पकड़ा जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें