गुरुवार, 22 फ़रवरी 2018

आखिरी दिन दिग्गजों ने लगाई ताकत

ज्योतिरादित्य सिंंधिया
शिवराज सिंह चौहान 
मध्यप्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा क्षेत्रों में आज भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेताओं ने प्रचार के आखिरी दिन पूरा जोर लगाया. भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और कांग्रेस की ओर से सांसद ज्योतिरादित्य सिंंधिया ने कमान संभाली और अपने-अपने प्रत्याशियों को विजय दिलाने के लिए सभाएं और संपर्क किया. 



चुनाव प्रचार के अंतिम दिन  अब शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर के मुंगावली में चुनाव रोचक हो चुका है. दोनों ही दलों ने जोर लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. 24 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए प्रचार आज थम गया. मतगणना 28 फरवरी को होगी. भाजपा के लिए मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा के अलावा सरकार के एक दर्जन से ज्यादा मंत्री इन विधानसभा क्षेत्रों में डेरा डाले रहे. जनता के बीच जाकर मुख्यमंत्री सिर्फ पांच माह के लिए क्षेत्र का नेतृत्व भाजपा के उम्मीदवार को देने की अपील कर रहे हैं.  दूसरी ओर कांग्रेस के सांसद सिंधिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव सहित कई और नेता भी यहां आज सभाएं की. कांग्रेस की ओर से भाजपा पर क्षेत्र की उपेक्षा करने और सांसद सिंधिया द्वारा कराए गए विकास कायरें का ब्यौरा दिया जा रहा है.  शिवपुरी के कोलारस में कांग्रेस के महेंद्र यादव व भाजपा के देवेंद्र जैन और अशोकनगर के मुंगावली में भाजपा के बाई साहब का कांग्रेस के बृजेंद्र यादव से मुकाबला है. दोनों स्थानों पर कांग्रेस विधायकों के निधन के कारण उप-चुनाव हो रहे हैं.
अजय सिंह 
दया पर वोट चाहते हैं मुख्यमंत्री: अजयसिंह
 चित्रकूट के बाद अब मूंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री शिवराज के विकास के दावों की पोल खुल गई है. मुख्यमंत्री यहां की जनता से विकास नहीं, दया के आधार पर वोट मांगना चाहते हैं.  यह बात  नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कही. नेता प्रतिपक्ष मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर आगे आरोप लगाते हुए कहा कि  मुख्यमंत्री द्वारा 5 माह के लिए वोट मांगना उनकी गरिमा के अनुकूल नहीं है. उन्होंने कहा कि 13 साल से मुख्यमंत्री जो प्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर करने और विकास के तमाम दावों की बात करते हों वह इस स्तर पर वोट मांग रहे हैं तो इससे स्पष्ट है कि विकास की ढोल में पोल है. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोलारस और विधानसभा उपचुनाव में प्रचार का जो तरीका अपनाया है उसने प्रचार के स्तर को तो गिराया ही है, साथ ही यह भी बताया है कि मुख्यमंत्री यहां की जनता से विकास नहीं, दया के आधार पर वोट माँगना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे मुख्यमंत्री दोनों उपचुनाव में अपनी हार मान चुके हैं. यही कारण है कि वे चुनाव की सारी संहिता को ध्वस्त कर किसी तरह जनता का वोट हथियाना चाहते हैं, जिसमें वो असफल होंगे क्योंकि जनता ने उन्हें हराने का मन बना लिया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें