सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सार्थकता तभी है जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्तियों को मिले. प्रत्येक पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं का लाभ पाने से वंचित न रहे, इसके लिए ही कार्यपालिका, न्यायपालिका तथा विधायिका द्वारा कार्य किया जा रहा है. यह बात उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जे.के. माहेश्वरी ने ग्राम खरगावली में आयोजित जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर जागरूकता से सशक्तिकरण में कही. शिविर में न्यायाधीश माहेश्वरी ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ के प्रमाण पत्र वितरित किए. इस शिविर में अनेक विभागों के 2833 हितग्राहियों को 3 करोड़ 80 लाख रूपए के हितलाभ से लाभान्वित किया गया. उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति न्याय पाने से वंचित रह जाता है तब न्यायपालिका विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उस व्यक्ति को न्याय देने का काम करती है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए जागरूक होना भी जरूरी है. यह जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर जागरूकता एवं सशक्तिकरण यहां आए लोगों को जागरूक करने और विभिन्न विभागों की योजनाओं से अवगत कराने में उपयोगी होगा. उन्होंने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऋण लेने वाले हितग्राहियों से कहा कि वे ऋण अवश्यक चुकाएं ताकि इसका लाभ अन्य लोग भी उठा सकें. इस शिविर में माननीय उच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री माहेश्वरी द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ के प्रमाण पत्र वितरित किए. न्यायाधीश माहेश्वरी ने दिव्यांग हितग्राही को मंच से नीचे आकर स्वीकृत प्रदान किया. इसके साथ ही न्यायाधीश माहेश्वरी ने सीएमएचओ डॉ शशि ठाकुर द्वारा स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं पर बनाए गए ब्रोशर का विमोचन भी किया.सभी को योजनाओं का लाभ मिले
शिविर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश विमल प्रकाश शुक्ल ने कहा कि लोगों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे यह हम सभी को सुनिश्चित करना है. प्रशासन द्वारा अपने स्तर पर लोगों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाता है. जो लोग पात्र होते हुए भी वंचित रह जाते हैं, तब विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उन्हें न्याय दिलाने या लाभान्वित करने का काम किया जाता है. उन्होंने कहा कि लोगों की सहायता के लिए पीएलवी गांवों में जाएंगे तथा उनकी मदद करेंगे. शुक्ल ने कहा कि आपदा पीड़ितो, वंचितों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पैरालीगल वॉलेंटियर्स की सेवाएं ली जाएगीं. उन्होंने कहा कि समाज में पीड़ित, वंचित लोगों को मुख्य धारा में शामिल किया जा सके, उन्हें न्याय दिलाया जा सके. इसके लिए न्यायपालिका तथा प्रशासन दोनों ही काम कर रहे हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें