रविवार, 25 मार्च 2018

भाजपा सांसद जनता को बताएंगे संसद गतिरोध का कारण

मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद  नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी संगठन 14 अप्रैल से 5 मई तक प्रदेशव्यापी अभियान आयोजित करेगा जिसमें सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्राणपन से जुटेंगे. उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल संविधान शिल्पी डॉ. अंबेडकर जयंती पर सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता दिवस मनाया जायेगा. 18 अप्रैल को स्वच्छता दिवस, 20 अप्रैल उज्जवला दिवस, 24 अप्रैल को पंचायती राज दिवस, 30 अप्रैल स्वस्थ भारत दिवस, 2 मई किसान कल्याण दिवस और 5 मई का आजीविका कौशल विकास दिवस पर प्रधानमंत्री के इनीशिएटिव से पहुंचे लाभ से जन-जन को अवगत कराया जायेगा.
 चौहान ने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च पंचायत है जो सभी के द्वारा बहस से निकलने वाले सहमतिपूर्ण विचार को अमल में लाने, जनता के लिए नियमन कानून बनाने का मंच है, लेकिन पिछले दो सप्ताह से संसद को कांग्रेस ने पंगु बनाकर रख दिया है. हंगामा बरपा कर कामकाज में अवरोध उत्पन्न कर रही है. देश की जनता लोकसभा चुनाव में कामकाज, जन आकांक्षा पूर्ण करने के लिए प्रतिनिधि निर्वाचित करती है. लेकिन संसद को हंगामा से न तो चलने दिया जा रहा है और न कोई कामकाज हो पा रहा है. कहने को अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की बात कही जा रही है, लेकिन अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के अनुरूप सदन को व्यवस्थित भी नहीं होने दिया जा रहा है. एनडीए सरकार ने कहा है कि सरकार विपक्ष के हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार है. लोक सभा अध्यक्ष ने भी विपक्ष से आग्रह किया है कि अविश्वास प्रस्ताव रखने के लिए सदन को संयत बनाये. लेकिन कांग्रेस की मंशा सदन नहीं चलने देने की है. पार्टी के सांसद अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचे हैं और जनता को विपक्ष की हंगामा संस्कृति से अवगत कराने में जुटे हैं. श्री चौहान ने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति की जिम्मेदारी से कांग्रेस और विपक्ष बच नहीं सकता है. देश की जनता विपक्ष के हथकंडा देख रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें