![]() |
| आलोक अग्रवाल |
आम आदमी पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई 11 अप्रैल से एक महीने की प्रदेश स्तरीय किसान बचाओ, मध्यप्रदेश बचाओ यात्रा निकालेगी. यात्रा 11 अप्रैल को मंदसौर से शुरू होकर 12 मई को भोपाल पहुंचेगी. प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरने वाली इस यात्रा में प्रतिदिन दो नुक्कड़ सभाएं और एक जनसभा होगी.
पार्टी के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने आज इस बारे में पत्रकारों से चर्चा की और यह जानकारी दी. अग्रवाल ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान सरकार किसानों को धोखा दे रही है. सरकार ब्याज माफी की बात कर रही है, जबकि किसानों की बिना शर्त पूर्ण कर्ज माफी की बात कही गई थी. यात्रा के माध्यम से किसानों से साथ की जा रही इसी धोखेबाजी को उजागर किया जाएगा. यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की भाजपा सरकार की लूट और भ्रष्टाचार की व्यवस्था किसानों के बीच लाना है. अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने घोषणा की है कि जो किसान 50 प्रतिशत कर्ज जमा करेंगे, उनका ब्याज माफ किया जाएगा. उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या सरकार को यह पता नहीं है कि अगर किसान कर्ज देने की स्थिति में होता तो आत्महत्या ही क्यों करता? सरकार ब्याज माफी की बात कर रही है, जबकि किसानों की बिना शर्त पूर्ण कर्ज माफी की बात कही गई थी. उन्होंने कहा कि ब्याज के नाम पर किसान कर्ज भरेगा भी तो उसे फिर कर्ज लेना पड़ेगा और इस तरह किसान कर्ज के दुष्चक्र से कभी बाहर नहीं आ पाएगा. उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से किसानों से साथ की जा रही इसी धोखेबाजी को उजागर किया जाएगा.
प्रदेश के सभी जिलों में पहुंचेगी यात्रा
आप के प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने कहा कि 11 अप्रैल को पिपलिया मंडी में सुबह 11 बजे सभा के जरिये यात्रा की शुरूआत होगी. इसके बाद मंदसौर में सभा का आयोजन किया जाएगा और फिर यात्रा जावरा की ओर कूच करेगी, जहां रात 8 बजे किसान चौपाल जमेगी. उन्होंने बताया कि यह सिलसिला 12 अप्रैल को सैलाना, रतलाम, झाबुआ, 13 अप्रैल को धार पहुंचेगा और 14 अप्रैल को आंबेडकर दिवस सम्मेलन के मौके पर यात्रा महू पहुंचेगी. इसी तरह 17 अप्रैल को शुजालपुर, आगर, उज्जैन में सभाएं होंगी. 18 अप्रैल को देवास, इंदौर में, 19 अप्रैल को कसरावद और खरगोन में, 20 अप्रैल को खंडवा, बुरहानपुर में, 21 अप्रैल को बैतूल में, 22 अप्रैल को छिंदवाड़ा में, 23 अप्रैल को सिवनी और बालाघाट में, 24 अप्रैल को मंडला और डिंडोरी, 25 अप्रैल को शहडोल, अमरकंटक, 26 अप्रैल को सीधी, सिंगरौली, 27 अप्रैल को रीवा, 28 अप्रैल को सतना में, 29 अप्रैल को कटनी में, 30 अप्रैल को जबलपुर में पहुंचेगी. इसके बाद 1 मई को दमोह में, 2 मई को सागर में, 3 मई को टीकमगढ़ में, 4 मई को दतिया और भिंड में, 5 मई को मुरैना, 6 मई को ग्वालियर में, 7 मई को शिवपुरी और गुना में, 8 मई को राजगढ़ में, 9 मई को सीहोर और होशंगाबाद में, 10 मई को पुन: होशंगाबाद में आम आदमी पार्टी की यात्रा किसानों के बीच पहुंचेगी. 11 मई को यह यात्रा रायसेन और विदिशा से होते हुए 12 मई को सूखी सेवनिया होते हुए भोपाल की और कूच करेगी. भोपाल में जनसभा कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी.
इन मांगों को लेकर निकाल रहे यात्रा
* किसानों के सभी कर्ज बिना किसी शर्त के माफ किए जाएं.
* प्रदेश में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाए और रिपोर्ट की सिफारिश के मुताबिक फसल की लागत का डेढ़ गुना मूल्य किसानों को दिया जाए.
* फसल खराब होने की सूरत में दिल्ली सरकार की तर्ज पर प्रति एकड़ 20 हजार रुपए मुआवजा दिया जाए.
* किसानों को कम से कम 18 घंटे बिजली मुहैया कराई जाए, जो मौजूदा दर से आधी कीमत पर उपलब्ध कराई जाए.
* समय पर बुआई के लिए उर्वरक आदि की भी समुचित व्यवस्था की जाए.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें