राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित शासकीय कन्या महाविद्यालय के बाहर खड़ी गाड़ियों में बदमाशों ने आग लगा दी. हादसा आज बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे थे. घटना के बाद स्कूल में भगदड़ का माहौल निर्मित हो गया. छात्रों में भय दिखाई दिया. हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है.पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने गोविंदपुरा स्थित शासकीय कन्या स्कूल के बाहर खड़ी तीन स्कूटी और एक बाइक में आग लगा दी. वाहनों में आग लगने से विस्फोट भी हुआ. इसके बाद भगदड़ मच गई. दमकल की गाड़ियों के पहुंचने तक चार दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए. दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और दूसरी गाड़ियों को वहां से दूर हटाया गया. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस के अनुसार गाड़ियों की डिक्की में रखे मोबाइल, पर्स और जरूरी कागज भी जलकर खाक हो गए. आग को काबू करने में एक घंटे लग गए.
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. छात्रों से पूछताछ भी की है. पुलिस का कहना है कि आग जानबूझकर लगाई गई है, इसे छात्रों की आपसी रंजिश के तौर पर भी देखा जा रहा है. गाडियों के आसपास कोई सूखी घास फूस भी नहीं थी. पुलिस के अनुसार, गेट पर सैकड़ों की संख्या में वाहन खड़े थे, अगर आग को समय रहते काबू नहीं किया जाता तो कई वाहनों के साथ ही स्कूल तक आग पहुंच सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था.
आटो चालक ने नाबालिग को बनाया हवस का शिकार
राजधानी के गौतम नगर पुलिस के अनुसार जावेद नामक युवक स्वयं का आटो चलाता है. नाबालिग, अक्सर जावेद के आटो में आया-जाया करती थी. इसी दौरान दोनों में पहचान हो गई. शादी का झांसा देकर जावेद ने नाबालिग को कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया था. अपनी इच्छी पूरी कर लेने के बाद जावेद ने नाबालिग के साथ रिश्ता तोड़ दिया. पुलिस का कहना है कि हिम्मत जुटाकर जब नाबालिग ने अपने परिजनों को अपने साथ हुई ज्यादती की जानकारी दी, तो परिजनों ने थाने पहुंचकर जावेद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई. शिकायत के बाद जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें