मध्य प्रदेश के रतलाम में एक निकाह ऐसा हुआ जहां दो दूल्हे हेलीकॉप्टर में सवार होकर आए और निकाह के बाद हेलिकॉप्टर से ही अपनी-अपनी दुल्हनों को लेकर विदा हुए. दरअसल, राजस्थान के झालावाड़ जिले के सुकेत के माइंस कारोबारी आरिफ खान के दो बेटे आदिल और आसिफ खान का निकाह जावरा में अलग-अलग परिवार में हुआ. इनमें से एक लड़की तो अपने परिवार के साथ झुग्गी में रहती थी. दोनों भाई अपनी दुल्हन को लेने के लिए हेलीकॉप्टर से आए. दूल्हे के अलावा पूरी बारात कार व अन्य वाहनों से जावरा पहुंची थी. हेलीकॉप्टर ग्राम भैसाना में बनाए गए हेलीपैड पर उतारा गया. पहली बार दूल्हे के हेलीकॉप्टर से आने की चर्चा पूरे शहर में रही. एक का दोपहर में तो दूसरे का रात में निकाह कबूल हुआ. मंगलवार को बारात की बिदाई के साथ-साथ दुल्हन की बिदाई भी हुई. दोनों को विदा करने उनके परिजन बड़ी संख्या में हेलीपेड पर पहुंचे. यहां साथ आए परिजनों ने दूल्हा-दुल्हनों को आशीर्वाद देकर विदा किया. दोनों दूूल्हों का कहना है कि उनके पिता की इच्छा थी कि उनके बेटों की बारात हेलीकॉप्टर से लेकर जाऊं. पिता की इच्छा के लिए दोनों दूल्हे हेलीकॉप्टर से जावरा आए और दुल्हनों को हेलीकॉप्टर से लेकर विदा हुए. वहीं दुल्हन के घर वालों ने अपनी बेटी को भाग्यवान बताया कि वह अपने पिया घर हेलीकॉप्टर से विदा हुई है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें