केन्द्र और राज्य की योजनाओं की जानकारी देंगे पदाधिकारीभारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई ने चुनावी साल में नाराज किसानों को साधने की रणनीति तय कर ली है. किसानों को साधने के लिए किसान सम्मान यात्रा के तहत पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर किसानों को साधने का प्रयास करेंगे. वहीं संगठन नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटेगा.
भाजपा ने चुनावी साल में संगठन और सरकार से नाराज लोगों को साधने का काम शुरु कर दिया है. सरकार और संगठन दोनों ही इन दिनों किसानों की नाराजगी को दूर करने की रणनीति बनाकर किसानों तक पहुंचने का फैसला कर चुके हैं. भाजपा किसानों के लिए किसान सम्मान यात्रा निकालकर उन तक पहुंचकर नाराजगी को दूर करना चाहती है. किसान सम्मान यात्रा राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी. यात्रा में विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा विधायक और संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे. यात्रा का फोकस पूरी तरह से किसान को भाजपा से जोड़ने पर रहेगा. किसानों के लिए राज्य और केन्द्र सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं की जानकारी किसानों को दी जाएगी. साथ ही किसानों को यह बताया जाएगा कि भाजपा सरकार ने किसान हित में क्या काम किया है. पार्टी ने इस यात्रा के लिए पूरी ताकत लगा दी है.
कार्यकर्ताओं को साधेगा संगठन
भाजपा के सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने राजधानी में लगातार दो दिनों तक की बैठकों में संगठन और सत्ता को साफ निर्देश दिए कि वे किसी भी हालत में कार्यकर्ता की नाराजगी को दूर करे. सौदान सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की उपस्थिति इस बात पर जोर दिया. सिंह ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बात को ध्यान से सुनना चाहिए. यही कार्यकर्ता सही फीडबैक देता है और आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर नेतृत्व को अवगत कराता है. सिंह ने पार्टी के संभागीय प्रभारियों से विशेष रूप से कहा कि उनकी भूमिका संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसलिए जो भी प्रदेश उपाध्यक्ष या महामंत्री, संभाग प्रभारी हैं, वे अपने प्रवास में मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं से विस्तृत बातचीत करें. सिंह ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और मंडल एवं बूथ के कार्यकर्ताओं को भी इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए.
ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी यात्रा
भाजपा किसान मोर्चा के प्रांताध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि किसान सम्मान यात्रा का शुभारंभ मथुरा में बलराम पूजा के साथ होगा. यात्रा धौलपुर होते हुए प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेगी. एक अप्रैल की दोपहर को यात्रा मुरैना पहुंचेगी. यहां से केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह मस्त रथ लेकर निकलेंगे. इसी दिन मुरैना में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान यहां पर सभा को संबोधित करेंगे. सभा में सभी मंत्रियों ओर विधायकों को पहुंचने को कहा गया है. उन्होंने बताया कि सभी विधायक और यात्रा प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाएंगे. 5 अप्रैल से एक साथ पूरे प्रदेश में सभी विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मान यात्राएं शुरु होंगी. ये यात्राएं ग्राम पंचायत तक पहुंचेगी. इस यात्रा में उत्कृष्ट किसानों को पुरस्कृत भी किया जाएगा.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें