रविवार, 25 मार्च 2018

भाजपा गिनाएगी योजनाएं, कांग्रेस खोलेगी पोल

 किसान सम्मान यात्रा के पहले कांग्रेस कर रही किसान महासम्मेलन

चुनावी साल में किसानों को साधने के लिए भाजपा किसान सम्मान यात्राएं निकालकर उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देगी. वहीं कांग्रेस इन योजनाओं और किसानों के साथ भाजपा सरकार द्वारा किए गए छल की जानकारी देने एक बड़ा किसान सम्मेलन करने जा  रही है. भाजपा की यह यात्रा 5 अप्रैल से राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ शुरु होगी. जबकि कांग्रेस द्वारा नरसिंहपुर में यह सम्मेलन 28 मार्च को आयोजित किया जा रहा है.
चुनावी साल में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल किसानों को लेकर सक्रिय हैं. किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस जहां भाजपा सरकार पर हमलावर होती जा रही है, वहीं भाजपा किसानों को साधने का पूरा प्रयास कर रही है. मंदसौर घटना के बाद से किसानों को लेकर शिवराज सरकार संजीदा है. वह किसी भी तरह से किसानों की नाराजगी को दूर करना चाहती है. इसके लिए भाजपा ने राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में किसान सम्मान यात्राएं निकालने का फैसला लिया. भाजपा की ये यात्राएं 5 अप्रैल से शुरु होंगी. इन यात्राओं में भाजपा द्वारा किसानों को सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, साथ ही किसानों को यह बताया जाएगा कि अब तक सरकार ने किसानों के हित में क्या कदम उठाए और उनसे किसानों को किस तरह का फायदा हुआ. कुल मिलाकर भाजपा किसानों की नाराजगी को दूर करने का यह प्रयास कर रही है. किसानों के लिए निकाली जाने वाली किसान सम्मान यात्रा के शुभारंभ अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर उपस्थित रहेंगे, जबकि मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान खुद एक बड़ी सभा को संबोधित कर इस यात्रा का आगाज करेंगे.
नरसिंहपुर में कांग्रेस का किसान महासम्मेलन


भाजपा की किसान सम्मान यात्रा के तोड़ के रुप में कांग्रेस ने प्रदेश के नरसिंहपुर में एक बड़े किसान महासम्मेलन करने का फैसला लिया है. कांग्रेस के इस सम्मेलन में सभी वरिष्ठ नेताओं के उपस्थित रहने की बात कही जा रही है. वैसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह के अलावा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी दीपक बावरिया तो इस महासम्मेलन में उपस्थित रहेंगे ही. मगर प्रयास इस बात के किए जा रहे हैं कि महासम्मेलन में वरिष्ठ नेता कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सुरेश पचौरी सहित अन्य बड़े नेता उपस्थित रहें और भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए चुनावी आगाज करें. हालांकि कहा यह भी जा रहा है कि अगर कोई वरिष्ठ नेता महासम्मेलन में उपस्थित नहीं रहता है तो भी यह महासम्मेलन संपन्न होगा. कांग्रेस इसकी तैयारी में जुट गई हैं.
यशवंत सिन्हा, शत्रुध्न सिन्हा बैठ चुके हैं धरने पर 
नरसिंहपुर में कांग्रेस द्वारा महासम्मेलन आयोजित किए जाने के पीछे तर्क यह भी दिया जा रहा है कि नरसिंहपुर में बीते दिनों गन्ना कृषकों ने सरकार के खिलाफ शंखनाद किया था. इस दौरान किसानों द्वारा दिए गए धरने पर किसान नेता शिवकुमार शर्मा कक्काजी के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता यशंवतसिंह भी उपस्थित रहे थे. वहीं भाजपा सांसद शत्रुध्न सिन्हा ने भी यहां पहुंचकर किसानों की मांगों को जायज बताया था और सरकार को किसान विरोधी बताया था.  कांग्रेस ने इसलिए यहां पर किसान महासम्मेलन करना उचित समझा कि यहां कि किसान पहले से ही सरकार के खिलाफ आंदोलित हैं, उनके साथ सरकार का विरोध और तेज किया जा सकता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें