रविवार, 25 मार्च 2018

हवन-पूजन कर मनाई रामनवमी

राजधानी  भोपाल में आज रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया. हवन-पूजन और कन्याभोज कराकर श्रद्धालुओं ने नवरात्रि का उपवास समाप्त किया. राजधानी के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी. 
राजधानी में सहित पूरे प्रदेश में आज महाष्टमी और रामनवमी पर्व उल्लास के साथ मनाया गया. राजधानी  में आज सुबह से ही मंदिरों में खासकर देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. मंदिरों में सुबह से ही हवन-पूजन होते रहे, वहीं घर-घर श्रद्धालुओं ने कन्यापूजन कर कन्याओं को भोज कराया. राजधानी में इस अवसर पर कई स्थानों पर शोभा यात्राएं निकाली गई. वहीं मानस भवन में आज से रामनवमी महोत्सव शुरु हुआ जो 2 अप्रैल चलेगा.
मुख्यमंत्री निवास पर हुआ कन्याभोज
मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने आज अपने निवास श्यामला हिल्स पर सुबह हवन-पूजन कर कन्याओं को भोज कराया. उन्होंने पत्नी साधना सिंह के साथ खुद कन्याओं को भोजन परोसा और खिलाया. मुख्यमंत्री ने कन्याओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के नागरिकों को रामनवमी पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दी. उन्होंने कहा कि मां अम्बे की कृपा से प्रदेश में सबका मंगल और कल्याण हो. उन्होंने कहा कि  बहन, बेटियां खुश होंगी, तो प्रदेश धन्य होगा. यही सृष्टि का आधार हैं. इनका सम्मान करें, आदर दें, यही मां जगदम्बे के प्रति सच्ची आस्था और श्रद्धा होगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें