भाजपा पर हमला करते हुए कहा भगवान सिर्फ भाजपा के ही नहीं
मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद कमलनाथ ने सक्रियता दिखानी शुरु कर दी है. उन्होंने अपनी टीम में पुराने नेताओं को जगह देकर नाराजगी दूर करने का प्रयास किया, वहीं आज मंदिरों में जाकर मत्था टेकते हुए भाजपा को करार जवाब भी दिया. नाथ ने आज लालघाटी स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर सुंदरकांड में भाग लिया और पूजा-अर्चना की. साथ ही कहा कि भगवान भाजपा या शिवराज के नहीं वे तो सभी के हैं.
कमलनाथ ने आज सुबह राजधानी के लालघाटी स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर सुंदरकांड में भाग लिया. इसके बाद उन्होंने पूजा अर्चना की. यहां पर उन्होंने मीडिया से कहा कि वे धार्मिक व्यक्ति है और सदा ही वे भगवान की आराधना करते रहे हैं. भगवान के आशीर्वाद और कार्यकर्ता की मेहनत से 2018 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हम बनाएंगे. उन्होंने कहा कि भगवान कोई शिवराज या फिर भाजपा के ही नहीं है, हर व्यक्ति के भगवान हैं और वह अपनी आस्था के अनुसार पूजा-अर्चना करता है, मंदिर जाता है. इसके अलावा आज कमलनाथ ने उज्जैन में महाकाल और दतिया में पीतांबरा देवी के दर्शन किए.
इसके पूर्व मंगलवार को कमलनाथ ने प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के अवसर पर शिवराज सरकार पर हमला बोला और कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार से तंग आ गई है. इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा को शिकस्त देकर कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में वापसी करेगी. उन्होंने कहा कि मैंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसी परिस्थिति नहीं दखी है, जहां हर वर्ग का व्यक्ति परेशान है. उन्होंने कहा कि मुझे इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी, संजय गांधी और अब राहुल गांधी के साथ काम करने का मौका मिला है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मुझे मध्यप्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है और मैं अपनी जिम्मेदारी पर खरा उतरुंगा.
इससे पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओंने कमलनाथ का राजधानी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया. विमानतल से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक उन्हें रैली के रुप में लाया गया. करीब 6 घंटे के मेगा शो में कमलनाथ ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया और भाजपा की सरकार के खिलाफ बिगुल फूंका.
कार्यकर्ताओं को किया आगाह
कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगाह भी किया कि वे अति आत्मविश्वास में न रहें.इससे धोखा हो सकता है. अरुण यादव की उन्होंने तारीफ की. उन्होंने कहा कि यादव ने तब कांग्रेस को संभालकर और बनाकर रखा, जब सब सोचते थे कि कांग्रेस खत्म हो गई.
कार्यकर्ता मेरी नहीं अपनी कुर्सी समझे
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मेरी सबसे बड़ी पूंजी कार्यकर्ताओं का प्यार और विश्वास है, जो मुझे सार्वजनिक जीवन में लोगों के हित में काम करने की प्रेरणा देता है. कमलनाथ नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह द्वारा उनके सम्मान में आयोजित चाय पार्टी में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. कमलनाथ ने कहा कि मुझे जब नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने अपने यहां चाय पर आमंत्रित किया तो मैंने उनसे कहा था कि पदभार ग्रहण करने के बाद अपने घर जाने के पहले तुम्हारे घर आऊंगा. उन्होंने बताया कि राहुल की शादी उनके दिल्ली स्थित घर से ही हुई थी. इस कुर्सी की शोभा तब है जब प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता इसे मेरी नहीं अपनी कुर्सी समझे. कमलनाथ ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है, लेकिन मेरी इस कुर्सी की शोभा तभी है, जब हर कांग्रेस कार्यकर्ता इसे मेरी नहीं बल्कि अपनी कुर्सी समझे. कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्यार और विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और यहीं पूंजी उन्हें सार्वजनिक जीवन में काम करने के लिए प्रेरित करती है.
दिग्विजय ने कहा हाथ का पंजा होगा उम्मीदवार
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने कहा कि हर सीट पर दस-दस उम्मीदवार चुनाव लड़ने के लिए दावेदार हो सकते हैं, लेकिन मौका एक को ही मिलता है. इसलिए यह मानकर चलें कि उम्मीदवार पंजा होगा. उन्होंने कमलनाथ से कहा कि पार्टी के काम में बाधा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई करें. भाजपा सरकार ने कांगे्रस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमें दायर किए हैं, उन कार्यकर्ताओं की देखभार करें. सबकों साथ लेकर चलना आपकी जवाबदारी है.
सिंधिया ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
मध्यप्रदेश चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यकर्ताओं में खूब जोश भरा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुटता के साथ चुनावों की तैयारी में जुटे. उन्होंने कहा कि मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि जहां आपका पसीना बहेगा, वहां मैं खून बहाने को खड़ा मिलूंगा. सिंधिया ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा उस समय उजागर हो गया जब पिछले दिनों धार में हुई पुलिस भर्ती के दौरान एससी^एसटी, जवानों के सीने पर लिखा गया. सिंधिया ने कहा कि हिन्दू धर्म भाजपा की बपौती नहीं है और न ही हिन्दुओं ने भाजपा को अपना नेता बनाया है. सिंधिया कमलनाथ द्वारा आगामी दिनों में प्रदेश के कई मंदिरों के दर्शन पर जाने के सवाल पर बोल रहे थे.
नाथ के लिए नया नहीं है घर
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कमलनाथ का स्वागत करते हुए कहा कि नाथ के लिए यह घर नया नहीं है. 1977 से 80 के बीच संघर्ष के दिनों में सी-19, शिवाजी नगर में आए हैं और उन्होंने 1980 में कांग्रेस की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. सिंह ने कहा कि इसलिए मैंने टोटके के रूप में कमलनाथ को चाय पर आमंत्रित किया है और अब कांग्रेस की 2018 में जीत कमलनाथ के नेतृत्व में पक्की है.
पुराने नेताओं की वापिसी
कमलनाथ ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पुराने उपेक्षित नेताओं को तबज्जो देना शुरू कर दिया है. पूर्व मुख्यमंत्री पीसी सेठी काल के नेता चंद्र प्रभाष शेखर और दिग्विजय के नजदीक रहे महेश जोशी को प्रदेश कांग्रेस में जिम्मेदारी मिल गई. देर रात कमलनाथ ने कुछ नियुक्तियां की जिसमें उपाध्यक्ष संगठन चंद्र प्रभाष शेखर को बनाया गया है. इसी तरह मानक अग्रवाल को मीडिया कमेटी का चेयरमैन बनाया गया, जबकि अजय सिंह के नजदीक राजीव सिंह को कार्यालय का प्रबंध सौंपा गया है. नरेंद्र सलूजा अध्यक्ष को मीडिया समन्वय का काम देखेंगे, जबकि कोषाध्यक्ष का जिम्मा एक बार फिर गोविंद गोयल के सुपुर्द किया गया है .कमलनाथ ने अपने आदेश में स्पष्ट कर दिया है कि कांगे्रस के प्रवक्ता पूर्ववत अपना काम करते रहेंगे .
नकुल की उपस्थिति रही चर्चा का विषय
कमलनाथ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर भोपाल में मंगलवार को हुए हर कार्यक्रम में नकुलनाथ अपने पिता के साथ दिखे. सुबह 11 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चले रोड शो में पूरे वक्त नकुल पिता के पीछे खड़े रहे. यही नहीं, कांग्रेस दफ्तर के सामने हुई कांग्रेस की रैली में भी मंच पर नकुल के लिए बाकायदा सीट रिजर्व की गई थी और नकुल पिता के ठीक पीछे बैठे थे.कार्यक्रम के बाद कमलनाथ की पत्रकार वार्ता में भी नकुल की सीट रिजर्व थी और वो सबसे पहले आकर अपनी सीट पर बैठ गए. कहा जा रहा है कमलनाथ के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद शायद बेटे की राजनीति में दिलचस्पी और बढ़ गई है.
मध्यप्रदेश के लिए 2 सचिव नियुक्त
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को हर्षवर्धन सकपाल और वर्षा गायकवाड़ को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की मध्यप्रदेश सचिव नियुक्त किया. राज्य में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है. कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने एक बयान में कहा कि सकपाल और वर्षा गायकवाड़ को उनकी गुजरात की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि पार्टी गुजरात में उनके द्वारा की गई कठिन मेहनत और उनके योगदान की सराहना करती है. राहुल ने सुधांशु त्रिपाठी को गुजरात के लिए एआईसीसी का सचिव नियुक्त किया है.
हटाए नाथ के पोस्टर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की ताजपोशी होने के बाद आज सुबह से नगर निगम ने उनके स्वागत में समर्थकों द्वारा राजधानी में लगाए पोस्टरों को हटा दिया. विमानतल से लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक ये पोस्टर लगाए गए थे. पोस्टर हटाए जाने के पीछे अधिकारियों का कहना है कि इसका मकसद शहर की खूबसूरती को बनाए रखना बनाया है. जो कि बैनर पोस्टर के पीछे गुम हो जाती है. उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने से पहले कांग्रेस नेता कमलनाथ ने रोड शो किया था. इस दौरान कमलनाथ का करीब 100 जगहों पर स्वागत हुआ. करीब आठ घंटे के रोड शो में जगह-जगह बैनर पोस्टर लगे हुए थे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें