बुधवार, 6 फ़रवरी 2019

फेक निकली शहडोल कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर की चैट

मध्यप्रदेश के शहडोल की कलेक्टर अनुभा श्रीवास्तव और डिप्टी कलेक्टर पूजा तिवारी की सोशल मीडिया पर वायरल हुई चैट फेक निकली है. जांच में यह बात सामने आई कि यह चैट स्पाय वेयर के जरिए वायरल की गई थी. डिप्टी कलेक्टर का फोन हैक कर ऐसा किया गया था, उनके फोन से किसी तरह की चैट नहीं हुई थी.
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान शहडोल की कलेक्टर अनुभा श्रीवास्तव और डिप्टी कलेक्टर पूजा तिवारी के बीच मोबाइल पर हुई चैट के वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया था. इस मामले में जांच के बाद यह बात साफ हो गई कि यह चैट फेक थी. इस चैट के वायरल होने के बाद डिप्टी कलेक्टर पूजा तिवारी ने कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. वहीं कांग्रेस ने चुनाव आयोग में शिकायत कर जांच करने की बात कही थी. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी, जिसके बाद जांच में सामने आया है कि चैट फेक थी. जांच में पता चला कि इस चैट को मोबाइल फोन स्पाय वेयर के जरिए अंजाम दिया गया. स्पाय वेयर के जरिए तिवारी का फोन हैक कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां दूसरे फोन पर साझा की गई.
दरअसल,  विधानसभा चुनाव के बाद कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के बीच भाजपा को जिताने की एक चैट वायरल हुई थी. इस बातचीत में कलेक्टर अपनी डिप्टी कलेक्टर से चुनाव को लेकर बात कर रही थी और कांग्रेस को हराने और भाजपा की सरकार बनने पर डिप्टी कलेक्टर को एसडीएम का चार्ज मिलने की बात कर रही थी. 
चैट जो वायरल हुई थी
* डिप्टी कलेक्टर: मैम दो सेक्टर में सिचुएशन कंट्रोल है, बट जैतपुर की नहीं हो पा रही है. कांग्रेस लीड बना रही है एंड उमा धुर्वे के समर्थक काफी हैं.
* कलेक्टर: मुझे कांग्रेस क्लीन स्वीप चाहिए. मैं आरओ डेहरिया को फोन कर देती हूं.  पूजा तुम्हे एसडीएम का चार्ज लेना है तो जैतपुर में बीजेपी को विन कराओ.
* डिप्टी कलेक्टर: ओके मैम मैं मैनेज करती हूं, बट कोई इंक्वायरी तो नहीं होगी.
* कलेक्टर: मैं हूं  मेहनत कर रही हो तो बीजेपी गवर्नमेंट बनते ही तुम्हे एसडीएम का चार्ज मिलेगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें