कमलनाथ मंत्रिमंडल की केबिनेट बैठक 26 फरवरी को महाकौशल के जबलपुर में होगी. बैठक की तैयारी राज्य सरकार के अलावा स्थानीय प्रशासन ने भी करनी शुरु कर दी है. मुख्य सचिव ने जबलपुर संभाग के संभागायुक्त और कलेक्टर को कैबिनेट के संबंध में निर्देश दिए हैं.
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और जबलपुर के कांग्रेस विधायकों की मांग पर यह बैठक जबलपुर में हो रही है. तन्खा ने मुख्यमंत्री कमलनाथ को पत्र लिखकर जबलपुर में बैठक कराने की मांग की थी. इस पर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 26 फरवरी की कैबिनेट बैठक जबलपुर में करने को हरी झंडी दे दी है. तन्खा के साथ ही वित्त मंत्री तरूण भनोत और सामाजिक न्याय मंत्री लखन घनघोरिया ने भी इसकी मांग की थी. पूरे महाकौशल क्षेत्र और खासकर जबलपुर के विकास की दृष्टि से यह तीनों पूर्ववर्ती सरकार में भी जबलपुर को सत्ता का केन्द्र बनाने को लेकर सक्रिय रहे हैं. जबलपुर के राजनैतिक, सामाजिक घटनाक्रम का बड़ा असर पूरे महाकौशल पर पड़ता है, इस लिहाज से जबलपुर में कैबिनेट बैठक करवाकर कांग्रेस क्षेत्र के सियासी समीकरण साधने का भी प्रयास कर रही है. सूत्रों की माने तो जबलपुर में होने वाली कैबिनेट बैठक में बंद पड़ी योजनाओं के बारे में फैसला होगा ही साथ ही गारमेंट कलस्टर, टेक्सटाइल्स कलस्टर, लाजिस्टिक हब, संभागीय स्टील डेव्हलपमेंट सेंटर का विस्तार, जैसे कई अन्य महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट कैबिनेट की बैठक में लाए जा सकते हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें