गुरुवार, 23 नवंबर 2017

शिवराज के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास पर्व मनाएगी भाजपा

शिवराजसिंह चौहान 
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने बताया कि पार्टी कार्यकतार्ओं के परिश्रम व जनता के आशीर्वाद से मध्यप्रदेश में तीसरी बार लगातार सरकार बनी है.  
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 12 वर्षो में भारतीय जनता पार्टी के विचारों एवं प्रदेश की जनता के विश्वास से सेवा समर्पण और सुशासन से विकास के नए आयाम बनाए हैं. भारतीय जनता पार्टी 29 नवंबर को प्रत्येक जिले में विकास पर्व के रूप में मनाएगी. प्रदेश में चल रही 12 प्रमुख योजनाओं का लाभ लेने वाले प्रत्येक जिले में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान एवं निकाह योजना, मेधावी छात्र योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, अटल ज्योति अभियान, मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना, अन्नपूर्णा योजना, मुख्यमंत्री छात्र गृह योजना, भावांतर योजना, बलराम ताल योजना, महिला सशक्तिकरण योजना शामिल है.  चौहान ने बताया कि जिला स्तर पर युवा मोर्चा द्वारा मेधावी छात्र सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. साथ ही मेधावी छात्र योजना के लाभार्थी छात्रों का सम्मान समारोह आयोजित होगा. प्रदेश के सभी स्थानीय निकाय के प्रत्येक वार्ड में एक साथ स्वच्छता सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा तथा स्वच्छता सेवकों (सफाई कर्मियों) का सम्मान किया जाएगा. कार्यक्रमों में मोर्चा, प्रकोष्ठों, विभागों एवं प्रकल्पों की सहभागिता सुनिश्चित होगी. जिला इकाई द्वारा योजनाओं पर प्रत्येक जिले में सम्मेलन, संगोष्ठी और लाभार्थी सम्मान कार्यक्रमों में संभाग प्रभारी, संभागीय मुख्यालय एवं जिला प्रभारी जिला कार्यक्रम में आवश्यक रूप से उपस्थित रहेंगे.



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें