रविवार, 12 नवंबर 2017

नीलांशु ने हराया शंकरदयाल को

नीलांशु चतुर्वेदी 
मध्यप्रदेश के सतना जिले की चित्रकूट विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी ने जीत दर्ज कराई है. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी को 14,133 मतों से पराजित किया.
 चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह रविवार को मतों की गिनती के बाद आए नतीजे में कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी को कुल 66,810 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी शंकर दयाल त्रिपाठी को कुल 52,677 मत प्राप्त हुए. यहां पर नोटा को तीसरे स्थान पर मतदाताओं ने रखा. नोटा को 2455 वोट मिले, जबकि अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों में कोई भी प्रत्याशी 15 सौ मतों तक नहीं पहुंच पायाा. कांग्रेस की इस जीत के साथ  उसने अपनी परंपरागत सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा.
कांग्रेस विधायक प्रेमसिंह के निधन के बाद यहां पर उपचुनाव की स्थिति बनी थी. इस सीट पर उपचुनाव में 12 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस के नीलांशु चतर्वेदी और भाजपा के शंकर दयाल त्रिपाठी के बीच ही रहा.  उत्तरप्रदेश की सीमा से लगी मध्यप्रदेश की चित्रकूट सीट कांग्रेस की परम्परागत सीट मानी जाती है. कांग्रेस के कब्जे से यह सीट हथियाने के लिए सत्ताधारी  पार्टी ने अपना पूरा जोर लगाया था, लेकिन उसे कोई सफल नहीं मिली.


सही साबित हुआ नेता प्रतिपक्ष का दावा
विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने दावा किया था कि शासकीय मशीनरी, पद का दुरूपयोग, पैसे का दुरूपयोग, लालच, फरेब, भय, आदिवासियों के घर जाकर रूकना सब होने के बावजूद मुझे नहीं लगता कि भाजपा के उम्मीदवार चुनाव जीतेंगे. वहीं उन्होंने चुनाव के अंतर पर कहा कि कांग्रेस अच्छे खासे अंतर से जीतेगी. उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस की जीत से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह हाशिए पर चले गए हैं. उन्होंने कहा कि चित्रकूट में मैं अकेला चुनाव नहीं लड़ रहा था, बल्कि चित्रकूट की जनता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रही थी. 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें