मंगलवार, 7 नवंबर 2017

भोपाल एयरपोर्ट पर जिंदा कारतूस के साथ पकड़ाई मुंबई की युवती

राजधानी भोपाल में एयरपोर्ट पर चैकिंग के दौरान एक युवती के बैग से चार जिंदा कारतूस मिले. एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए तैनात सीआईएसएसफ के सुरक्षा अधिकारियों ने युवती को रोक लिया और प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया. युवती मुंबई की रहने वाली है.
जानकारी के अनुसार, युवती एयर इंडिया की फ्लाइट से भोपाल से मुंबई जा रही थी. राजाभोज एयरपोर्ट पर सामान की चैकिंग के दौरान उसके बैग में चार जिंदा कारतूस मिले. इसके बाद सीआईएसएफ के अधिकारी अलर्ट हो गए और युवती को सफर करने से रोक दिया गया. बताया जा रहा है कि युवती मुंबई की रहने वाली है. उसने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि उसके नाना पुलिस में अफसर थे और गलती से उनके कारतूस बैग में आ गए. वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती राजधानी के उपनगरीय क्षेत्र बैरागढ़ में शॉपिंग के लिए आई थी, यहां वह पंचवटी इलाके में अपने किसी परिचित के घर पर ठहरी थी. पुलिस अब उसके बयानों की तस्दीक कर रही है.
पहले भी पकड़ाए हैं जिंदा कारतूस
राजाभोज विमानतल पर यह पहली घटना नहीं है जब जिंदा कारतूस के साथ कोई पकड़ा गया हो. इसके पूर्व भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी है. पूर्व में राजगढ़ यातायात विभाग में पदस्थ अनिल बावनिया नामक कर्मचारी दिल्ली जा रहा था, तब उनके बैग से कारतूस मिले थे. उन्होंने कारतूस सरकारी होना बताया था. यह वारदात इसी साल  30 जुलाई की है. इसके पूर्व 26 जून 2016 को सईद सैफ अली नामक युवक के पास से पुलिस ने 30 कारतूस पकड़े थे. सईद भी मुंबई जा रहा था. उसने कारतूस अपने भाई फैजल अली के होना बताया था. वहीं 15 मार्च 2010 को रायपुर निवासी आदित्य वर्धन पाटनी के पास से पुलिस ने 32 बारह बोर के कारतूस पकड़े थे. वे भी मुंबई जा रहे थे. आदित्य के पास शस्त्र लाइसेंस भी नहीं था. उनके अपने गंजबासौदा निवासी एक रिश्तेदार का कारतूस होना बताया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें