सोमवार, 27 नवंबर 2017

मध्यप्रदेश विधानसभा में उठा वास्तुदोष का मुद्दा

मध्यप्रदेश विधानसभा आज एक बार फिर वास्तुदोष का मामला गर्माया. सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई सदस्यों ने सदन में वास्तुदोष के निराकरण की मांग की. राज्य विधानसभा के आज से शुरु हुए शीतकालीन सत्र के दौरान जब दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी जा रही थी, तभी कांग्रेस विधायक के.के.सिंह ने चौदहवीं विधानसभा में 9 विधायकों के निधन होने की बात कहकर वास्तुदोष का मुद्दा उठाया. उन्होंने द्वारा कही बात पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने अपना समर्थन दिया और वास्तुदोष के निराकरण की मांग की. राज्यमंत्री संजय पाठक ने कहा कि वास्तुदोष को लेकर विधायकों का भ्रम दूर किया जाना चाहिए. उन्होंने विधानसभा सचिवालय को वास्तुदोष का परीक्षण कराने की सलाह दी. विधानसभा अध्यक्ष डा. सीताशरन शर्मा ने कहा कि अंधविश्वास बढ़ाने वाली बातों पर जोर नहीं दिया जा सकता है, लेकिन  वास्तुदोष को लेकर विधायकों की मांग पर विचार किया जाएगा. 
उल्लेखनीय है कि 14 वीं विधानसभा में अब तक 9 विधायकों प्रभात पांडे, राजेश यादव, तुकोजीराव पंवार, सज्जनसिंह उइके, राजेन्द्र दादू, सत्यदेव कटारे,  महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा, प्रेमसिंह और रामसिंह यादव की मृत्यु हो चुकी है. इसके पूर्व भी विधानसभा के नये भवन के बनने के बाद लगातार विधायकों की मृत्यु को लेकर इस तरह का मुद्दा उठता रहा है. 
दिवंगतों को श्रद्धाजंलि के बाद कार्रवाई स्थगित
राज्य विधानसभा में आज सत्र की शुरुआत वंदेमातरम गायन के साथ हुई. इसके बाद सदन में दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई. विधानसभा अध्यक्ष डा सीतासरन शर्मा ने वर्तमान विधानसभा के सदस्य स्वर्गीय महेंद्र सिंह कालूखेड़ा और स्वर्गीय राम सिंह यादव समेत 17 दिवंगतों के निधन का उल्लेख किया.   उन्होंने पूर्व विधायक प्रभुदयाल गेहलोत, शालिगराम श्रीवास्तव, राम रतन चतुवेर्दी, राम खेलावन, धनसुखलाल भाचावत, विजय नारायण राय और रतन सिंह भाबर, पूर्व केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम लाल कौशिक, संतोष मोहन देव, प्रियरंजन दासमुंशी, माखनलाल फोतेदार, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री सुल्तान अहमद, सांवर लाल जाट और तसलीम उद्दीन को श्रद्धांजलि अर्पित की. सदन में भारतीय वायु सेना के पूर्व एयर चीफ मार्शल अर्जन सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिसके बाद सम्मानस्वरुप सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें