मंगलवार, 14 नवंबर 2017

नीमच में सही दाम नहीं मिले तो किसान ने मंडी में जला दी फसल

मध्यप्रदेश में किसान अब अपनी उपज का उचित मूल्य नही मिलने पर उसे जलाने लगा है. ऐसा ही एक मामला नीमच मंडी में सामने आया है. जहां पहले व्यापारी ने बोली लगाई फिर सौदा कम भाव मे करने लगा. गुस्से में किसान ने मंडी में ही उपज जला दी.
किसान सुरेश धाकड़ मंदसौर जिले के धमनार से तुलसी के डंठल लेकर बेचने नीमच आया था.  किसान ने अपनी उपज का ढेर किया. व्यापारियों ने बोली लगाईं और 490 रूपए क्विंटल आखिरी बोली रही. इस पर किसान अपनी उपज देने को तैयार था, लेकिन बोली के बाद व्यापारी पलट गया और बोला 400 रूपए क्विंटल में खरीदूंगा. व्यापारी द्वारा कम भाव लगाए जाने से नाराज किसान इतना आहत हुआ की उसने आव देखा न ताव और अपनी उपज में अपने ही हाथो से आग लगा दी. 
इस घटना से मंडी में सनसनी फैल गयी घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक उपज जल चुकी थी. वही इस मामले में मंडी के नाकेदार और नीलामीदार सतीश शर्मा का कहना था की बोली लगी थी पर ऊपर के माल की अलग और नीचे के माल की अलग, लेकिन बोली लगाने वाले दोनों व्यापारी चले गए. इस पूरे मामले में कृषि उपज मंडी समिति के डाइरेक्टर और किसान नेता उरांव सिंह गुर्जर ने स्वीकार किया की किसान सुरेश धाकड़ को उसकी उपज का सही मूल्य नहीं मिला. बोली लगाने के बावजूद व्यापारी उस भाव में उपज लेने से पलट गया जबकि किसान की यह उपज का भाव तेजी में करीब 800 रूपए क्विंटल होता है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें