गैंगरैप के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और चौथे आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग को लेकर राजधानी में विरोध जारी है. आज छात्र-छात्राओं ने विरोध स्वरुप एक रैली निकाली. वहीं स्वयं सेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा भी विरोध जारी है. विरोध को देखते हुए पुलिस ने भी सख्ती बरतनी शुरु की है. पुलिस अब महाराणा प्रताप नगर थाना क्षेत्र स्थित कोचिंग सेंटरों पर कसावट की जा रही है. वहीं स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री दीपक जोशी ने कहा कि अब रात्रि 8 बजे के बाद कोचिंग क्लास नहीं लगे, इसकी व्यवस्था की जा रही है.
गैंगरैप की घटना के बाद अब तक चौथा आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है. पुलिस के लिए यह परेशानी पड़ा रहा है. पीड़ित छात्रा को न्याय दिलाने के लिए अब स्वयं सेवी संस्थओं, नागरिकों के अलावा कालेज के छात्र-छात्रा भी सड़क पर उतरने लगे हैं. आज राजधानी में कैरियर कालेज के छात्र-छात्राओं ने कैरियर कालेज से महाराणा प्रताप नगर तक रैली निकाली और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. छात्र-छात्राओं का कहना था कि महाराणा प्रताप नगर में अधिकांश कोचिंंग सेंटर हैं, जिनके आस-पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. पुलिस के जवान यहां घूमते हैं, मगर इन पर कार्रवाई तक नहीं करते हैं. वहीं गैंगरैप में छवि खराब होने के बाद अब पुलिस सक्रियता दिखा रही है. पुलिस ने कोचिंग सेंटरों पर कसावट करने की कवायद शुरु कर दी है. पुलिस अब कोचिंग सेंटरों को रात्रि 9 बजे के बाद बंद कराने की कवायद करने की तैयारी में है. इसे लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की आज एक बैठक भी हुई है.
स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री दीपक जोशी ने कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि कोचिंग क्लासेस अब 8 बजे के बाद नहीं लगे. इसके निर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे. इसके अलावा हास्टल में रह रहीं छात्राओं पर नजर रखी जाएगी, हास्टल प्रबंधन इसकी व्यवस्था करेगा.सरकार कोचिंग सेंटरों एवं निजी हास्टलों को अपने नियंत्रण में लाने के लिए कवायद करेगी. उन्होंने कहा कि सरकार यह प्रयास करेगी कि रात के समय कोचिंग से लौटने की जिम्मेदारी कोचिंग संचालक खुद अपने ऊपर लें.
फरार चौथे आरोपी पर 10 हजार का इनाम
गैंगरेप में फरार चौथे आरोपी रमेश मेहरा पर पुलिस अधीक्षक रेल रुचिवर्धन मिश्रा ने 10 हजार का इनाम घोषित किया है. नई पुलिस अधीक्षक ने पदभार संभालते ही फरार चौथे आरोपी को जल्द गिरफ्तार के लिए पुलिस मुख्यालय के अफसरों से बात करने के बाद इनाम घोषित किया. रुचि वर्धन अब खुद इस मामले की मॉनिटरिंग करेंगी. मिश्रा एसआरपी का चार्ज लेने से पहले पुलिस मुख्यालय पहुंची. चार्ज लेते ही उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया.
अनिता मालवीय ने कहा षडयंत्रपूर्वक तरीके से हटाया
गैंगरेप को लेकर दिए बयान के बाद हटाए गर्इं तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रेल अनीता मालवीय काफी नाराज हैं. उन्होंने आज मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि विभाग में बहुत सी गलतियां हो रही हैं, जिन्हें रोकने की कोशिश उन्होंने की थी. इससे उनके आला अधिकारी और उनके लोगों के हितों को ठेस पहुंची थी. इस कारण उन्हें षड्यंत्रपूर्वक तरीके से हटाया गया है. षड्यंत्र रचने वाले उनके बीच में ही रहने वाले लोग है. वहीं निलंबित हबीबगंज टीआई रविंद्र यादव ने कहा कि मैंने तुरंत कार्रवाई की, इसके बावजूद मुझे निलंबित किया गया. मैं अपने आला अधिकारियों से पूछंूगा कि मुझ पर इतनी बड़ी कार्रवाई क्यों की गई.जांच के नाम पर प्रताड़ित किया जा रहा पीड़िता को
भोपाल गैंगरेप मामले में पीडिता द्वारा पुलिस द्वारा परेशान किए जाने और थाने के लगातार चक्कर लगाने पर जताई गई नाराजगी के बाद अब कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्या सिंधिया ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है उन्होंने ट्विट कर कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार के लिए यह पूरा मामला शर्म की बात है. उन्होंने लिखा कि पीड़िता को पहले एफआइआर दर्ज कराने के किए संघर्ष करना पड़ा और अब बयान के लिए थाने और जांच के किए अस्पताल के चक्कर काटने को मजबूर. सामूहिक ज्यादती की शिकार छात्रा को जांच के नाम पर हर दिन प्रताड़ित किया जा रहा है. प्रदेश सरकार के किए इससे बड़ी शर्म की बात नहीं हो सकती. पुलिस अधिकारियों का ऐसा रवैया देखकर उनसे क्या न्याय की उम्मीद की जा सकती है?पुलिस का दिखा अमानवीय चेहरा
प्रदेश के राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि गैंगरैप मामले में कार्रवाई में पुलिस का अमानवीय चेहरा दिखाई दिया. उन्होंने कहा कि यह घटना दुर्घभाग्यपूर्ण थी. उन्होंने कहा कि हालांकि मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने इस मामले में गंभीरता दिखाई और इसके बाद सरकार ने एक्शन लिया. गुप्ता ने कहा कि इस मामले में एसआईटी का गठन किया गया है, जांच के बाद कड़ी कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि पुलिस पर शुरुआती कार्रवाई की गई है. जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी. गुप्ता ने कहा कि पीड़िता को सरकार हरसंभव मदद करेगी.
कहां गया मैत्री पुलिस वाहन
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा के लिए मैत्री महिला पुलिस, सीएसआर योजना में भोपाल को मिले 30 दो पहिया वाहनों के बारे में सवाल किया है कि यह वाहन कहां हैं और इसकी पिछले दो माह की उपलब्धि क्या हैं? सिंह ने कहा कि 12 सितंबर 2017 को महिला मैत्री सुरक्षा सेवा की शुरूआत करते हुए गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा था कि यह संवेदनशील और छेड़छाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे. उन्होंने कहा कि इन वाहनों का कोई अता-पता शहर में नहीं है कि ये वाहन कहां चल रहे हैं. सभी संसाधनों से सुसज्जित यह वाहन किस काम में आ रहे हैं, यह जनता को बताएं, सरकार.
आप राष्ट्रीय महिला आयोग को करेगी शिकायत
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी गोपाल राय आज गैंगरैप की पीड़िता से मिलने उसके निवास पर गए. उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इस घटना में पुलिस का रवैया ठीक नहीं रहा है. वे सरकार द्वारा अब तक जो भी कदम उठाए हैं उससे संतुष्ट नहीं है. उन्होंने कहा कि अब तक चौथा आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ है.पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल कल मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग से मिलेगा और इसकी शिकायत करेगा. उन्होंने कहा कि इस मामले को सरकार और पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह से इस्तीफे की मांग भी की.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें