गुरुवार, 9 नवंबर 2017

राष्ट्रपति आज से मध्यप्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार मध्यप्रदेश के प्रवास पर आ रहे हैं. वे शुक्रवार 10 नवंबर को दो दिवसीय प्रवास पर यहां आएंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
 राष्ट्रपति कोविंद शुक्रवार को राजधानी भोपाल पहुंचेंगे और यहां कबीर महोत्सव में शामिल होंगे. इसके अलावा अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे. वहीं, दूसरे दिन शनिवार को अनूपपुर जिले के अमरकंटक जाएंगे, जहां इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और विद्यार्थियों को उपाधियां-डिग्रियां प्रदान करेंगे. राष्ट्रपति के स्वागत और कार्यक्रम के संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जारी कार्यक्रम के मुताबिक, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का शुक्रवार 10 नवंबर को प्रदेश में प्रथम आगमन भोपाल में होगा. वे इसी दिन परेड ग्राउण्ड में आयोजित कबीर महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे. स्थानीय जीटीबी काम्प्लेक्स पार्क में वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. राष्ट्रपति प्रशासन अकादमी में जवाहरलाल नेहरू नेशनल सार्इंस, मैथेमेटिक्स एन्ड एन्वायरनमेंट प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. राष्ट्रपति रात्रि विश्राम भोपाल करेंगे. 11 नवंबर को प्रात: राष्ट्रपति अमरकंटक जाएंगे और वहां नर्मदा मंदिर में दर्शन करेंगे. राष्ट्रपति इंदिरा गांधी नेशनल ट्राइबल यूनिवर्सिटी के द्वितीय दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद अमरकंटक से रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें