राज्य विधानसभा में फिर महिला सुरक्षा और भोपाल में गैंगरेप पर स्थगन पर चर्चा कराने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने आज गुरुवार को भी जमकर हंगामा किया. हंगामें के चलते प्रश्नकाल नहीं हो सका. बढ़ते हंगामें को देख विधानसभा अध्यक्ष डा. सीतासरण शर्मा ने शुक्रवार को इस पर चर्चा कराने का आश्वासन दिया, इसके बाद कांग्रेस विधायक शांत हुए.
राज्य विधानसभा में गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरु होते ही कांग्रेस विधायक महिला सुरक्षा पर चर्चा कराने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. विधानसभा अध्यक्ष डा. सीतासरण शर्मा ने हंगामा कर रहे विधायकों को समझाइश दी, मगर वे नहीं माने. हंगामा करते हुए विधायक, अध्यक्ष की आसंदी की ओर बढ़ने लगे और नारेबाजी करते रहे. सदन में बढ़ते हंगामें को देख विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी. इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह द्वारा कथित तौर पर अध्यक्ष डा. शर्मा के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी का मुद्दा उठाया. भार्गव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष माफी मांगे, नहीं तो उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा. राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता और भाजपा विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भी उनकी मांग का समर्थन किया. वहीं कांग्रेस विधायक डा. गोविंद सिंह ने सरकार पर सदन को तानाशाही रवैये से चलाने का आरोप लगाया. वहीं कांग्रेस विधायक सुंदरलाल तिवारी ने कहा कि प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं यह जानते हुए भी सरकार इस मुद्दे पर चर्चा से भाग रही है. इस पर मंत्री गुप्ता ने कहा कि विपक्ष ने आसंदी का अपमान किया है. इस आरोप को नकारते हुए कांग्रेसियों ने कहा कि केवल सत्तारूढ़ दल को ही आसंदी के सम्मान की चिंता नहीं है, विपक्ष के मन में भी अध्यक्ष के प्रति पूर्ण सम्मान है.
सदन में जब हंगामा काफी होने लगा तो पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव ने अध्यक्ष से कांग्रेस विधायकों की मांग पर फैसला देने का आग्रह किया. इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मामला नियमानुसार उठाया जाए तो विचार किया जाएगा. इस पर कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने कहा कि हमने स्थगन दिया हुआ है. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे पर किसी भी नियम के तहत चर्चा कराने के लिए तैयार है, लेकिन आश्वासन चाहिए कि चर्चा कराए बिना सदन स्थगित नहीं हो. डा. गोविंदसिंह सहित कांग्रेस विधायकों ने रावत की इस मांग का समर्थन किया. हंगामें के चलते प्रश्नकाल में दो मर्तबा कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा. प्रश्नकाल के बाद सदन के समवेत होने पर मंत्री भार्गव ने कहा कि महिला सुरक्षा पर चर्चा की मांग को लेकर सदन में दो दिन से गतिरोध बना हुआ है. उन्होंने एक बार फिर अध्यक्ष डा. शर्मा से इस पर किसी नियम के तहत चर्चा कराने का अनुरोध किया. इस पर डॉ शर्मा ने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर शुक्रवार को सदन में नियम 130 के तहत चर्चा कराई जाएगी. अध्यक्ष के आश्वासन के बाद सदन की कार्यवाही आगे बढ़ सकी.
उमा,गौर ने विकास की नींव रखी, शिवराज ने खड़ी की इमारत
लंबे समय बाद आज विधानसभा पहुंचे भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री बनीं उमा भारती और बाबूलाल गौर ने विकास की जो नींव रखी थी , उस पर 12 सालों में शिवराज सिंह चौहान ने विकास की इमारत खड़ी की है. पत्रकारों से चर्चा में विजयवर्गीय ने कहा कि शिवराज सिंह के 12 सालों के कार्यकाल में हर वर्ग के लिए विकास के काम हुए हैं और प्रदेश पिछड़े राज्यों की श्रेणी से बाहर निकलकर विकास के मामले में नंबर एक के राज्यों में शुमार हो गया है. उन्होंने गुजरात चुनाव को लेकर कहा कि वहां भाजपा की दो तिहाई बहुमत से सरकार बन रही है. राहुल गांधी के गुजरात में मंदिरों में जाने पर विजयवर्गीय ने कहा कि वे अब पश्चाताप कर रहे हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें