![]() |
| शिवराज सिंह चौहान |
मुख्यमंत्री ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उनकी हर सांस प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए है. यही कारण है कि जनता के हर वर्ग का साथ है. सभी का प्रेम और साथ ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने माना कि प्रदेश में रोजगार, स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में और काम किए जाने की जरूरत है. सरकार का इस पर विशेष जोर रहेगा. युवाओं के कौशल का विकास करके हर साल साढ़े सात लाख युवाओं को रोजगार मिले, इस दिशा में प्रयास होंगे. चौहान ने कहा कि उनकी मुख्यमंत्री होने के बाद भी यह कोशिश रही है कि कभी विशिष्ट नहीं बनूं. यही कारण है कि आज भी मै आम आदमी के लिए आम ही हूं. जनता का पूरा साथ मिला है और इसलिए राज्य को पिछड़े, बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकालकर विकसित राज्यों की कतार में खड़ा करने में सफल रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य की जरूरतों के मुताबिक काम किया है। यह कृषि प्रधान राज्य है, इसलिए सिंचाई पर जोर दिया गया. उसके नतीजे सामने हैं. पहले सिंचाई साढ़े सात लाख हेक्टेयर में ही होती थी, जो आज बढ़कर 40 लाख हेक्टेयर पहुंच गई है. सिंचाई का क्षेत्र बढ़ने के साथ उत्पादन भी बढ़ा है, इसलिए पशुपालन, मुर्गीपाल पर भी जोर दिया जाएगा.
चौहान ने बताया कि उन्होंने योजनाएं मंत्रियों के साथ बैठकर नहीं बनाई, बल्कि इसके लिए विभिन्न वर्ग से परामर्श करके बनाई हैं. इसके लिए पंचायतों का आयोजन किया गया. उसमें आए सुझाव के आधार पर ही लाड़ली लक्ष्मी जैसे योजना बनी. चौहान ने माना कि उनके कार्य में पत्नी साधना सिंह का हर हाल में साथ मिला. वे उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी रहीं. उनका मकसद है कि, सिर्फ विकास दर ही नहीं बढ़े बल्कि आम आदमी तक विकास तेजी से पहुंचे. आज का दिन प्रदेश भारतीय जनता पार्टी इकाई विकास पर्व के तौर पर मना रही हैं. मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर भाजपा नेता और अन्य लोग चौहान को बधाई दे रहे हैं. मुख्यमंत्री के तौर पर चौहान ने राज्य में एक नया इतिहास रचा है. वे राज्य के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो इस पद पर 12 साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. इस कार्यकाल के दौरान सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए राजधानी के रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शनी लगाई गई है
नौकरशाह कठपुतली की तरह चलाते हैं शिवराज को
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि शिवराज के खाते में ऐसी कोई उपलब्धि नहीं है, जिससे जनता को लाभ मिला हो. इतना जरूर है कि कुछ नौकरशाह उन्हें कठपुतली की तरह चलाते हैं. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सत्ता में अपने 12 साल पूरे कर लिए, इसको लेकर भाजपा और राज्य सरकार जश्न भी मना रही है. लेकिन राज्य के विपक्षी नेताओं का कहना है कि शिवराज बस एक कठपुतली हैं और उनकी डोर दूसरों के हाथों में है.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें