रविवार, 26 नवंबर 2017

हवाओं ने मध्यप्रदेश में बढ़ाई ठिठुरन, उमरिया, मंडला में सबसे कम तापमान

 शहडोल, ग्वालियर और सागर संभाग में शीतलहर चलने की संभावना
 राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में चल रही हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. राज्य में सबसे ठंडा उमरिया व मंडला जिला रहा, जहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राज्य में रविवार की सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली है, मगर हवाएं ठिठुरन पैदा कर देने वाली रही. दिनभर ठंड का असर दिखाई दिया. राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश जिलों में आज मौसम इसी तरह का रहा.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में हुई बर्फवारी के साथ उत्तर दिशा की ओर से आ रही हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है. आर्द्रता कम होने से भी ठंड का असर बढ़ा है. राज्य में बीते 24 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. सबसे ठंडा उमरिया व मंडला जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. मौसम विभाग का पूवार्नुमान है कि शहडोल, जबलपुर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में शीतलहर का असर हो सकता है. राज्य में ठिठुरन अपना असर दिखाने लगी है, तापमान में भी गिरावट आ रही है. प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में सुबह और शाम के वक्त ठंड का असर पिछले दिनों दिखा था, मगर शनिवार की रात को ठंड ने खासा असर दिखाया. राजधानी में इस सीजन की सबसे ठंडी रात शनिवार की रात रही. मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में राज्य में हवाएं उत्तरी हो गई हैं. इस स्थिति में न्यूनतम तापमान में और भी गिरावट आने के आसार हैं.हालांकि दिन के समय कई बार हवाएं दक्षिणी हो जाती हैं, जिससे तापमान बढ़ जाता है. इस वजह से दिन में अधिक ठंड का असर नहीं दिखता, मगर आगामी 4-5 दिनों में ठंड के और बढ़ने के आसार हैं.   रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री, इंदौर का 11.4 डिग्री, ग्वालियर का सात और जबलपुर का 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, भोपाल का अधिकतम तापमान शनिवार को 29 डिग्री, इंदौर का 30 डिग्री, ग्वालियर का 29 डिग्री और जबलपुर का 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा. 
शहडोल, ग्वालियर, सागर संभागों में शीतलहर की संभावना
मौसम विभाग ने राज्य के शहडोल, ग्वालियर और सागर संभाग में शीतलहर चलने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के सागर और शहडोल संभागों में शीतलहर का प्रभाव दिखाई दिया.सबसे कम तापमान राज्य के उमरिया में 06 डिग्री सेल्सियस रहा. कुछ जिलों के न्यूनतम तापमानों में कमी आई है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों के तापमान में कमी नहीं आई. राज्य के इंदौर, ग्वालियर, रीवा और शहडोल संभागों के न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें