आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह से दिल्ली के लोगों ने दिल्ली की राजनीति को बदला, उसी तरह मध्यप्रदेश के लोग प्रदेश की राजनीति को बदलें. आम आदमी पार्टी 2018 में प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी. केजरीवाल ने यह बात आज राजधानी के जंबूरी मैदान पर आयोजित आम आदमी पार्टी की शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए कही. केजरीवाल शनिवार की देर रात भोपाल पहुंचे. आज दोपहर को भेल के दहशरा मैदान पर आयोजित शंखनाद रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप भ्रष्टाचार चाहते हो तो भाजपा को वोट दो, अगर भ्रष्टाचार नहीं चाहते हो तो आम आदमी पार्टी की सरकार प्रदेश में बनवाओ. उन्होंने कहा कि 2018 में आम आदमी पार्टी प्रदेश में सभी विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी मैदान में उतारेगी. केजरीवाल ने कहा कि जब हम ढ़ाई साल में दिल्ली का विकास कर सकते हैं, तो भाजपा की सरकार करीब 15 साल होने को आई मगर विकास नहीं कर पाई. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में सारे अस्पतालों की हालत खराब है, जबकि दिल्ली में हमने ढ़ाई साल के अंदर अस्पतालों की स्थिति को सुधारा साथ ही मुफ्त में इलाज हो रहा है. डाक्टर समय पर अस्पताल पहुंचते हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग मध्यप्रदेश से बिजली खरीदते हैं, जबकि मध्यप्रदेश के लोग खासकर किसान बिजली के लिए तरसते हैं, ऐसा क्यों हो रहा है. प्रदेश की जनता को मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान को यह बताना चाहिए.
हक की आवाज उठाने वाली पार्टी है आप
शंखनाद रैली को दिल्ली सरकार के केबिनेट मंत्री गोपाल राय ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि नर्मदा के नाम पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही ने लोगों के साथ छल किया है. पहले शिवराजसिंह चौहान ने यात्रा निकालकर अपने पाप धोए उसके बाद अब दिग्विजयसिंह अपने पाप धो रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश में जिसकी कोई नहीं सुनता उसकी आवाज आम आदमी पार्टी सुनती है. राय ने कहा कि प्रदेश में किसानों और मजदूरों की हालत बद्त्तर है. रैली को प्रदेश संयोजक आलोक अग्रवाल ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि हमें 2018 में प्रदेश में शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकना है. अग्रवाल ने कहा कि आज हम शिवराज सरकार के अंत का शंंखनाद कर रहे हैं. अब पूरे एक साल तक हमें जनता के बीच पहुंचकर शिवराज सरकार को सत्ता से बाहर करने का आह्वान करना है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें