पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक महिला पुलिस कर्मचारी के साथ अश्लील छेड़छाड़ करने वाले एडिशनल एसपी राजेन्द्र वर्मा को जहांगीराबाद पुलिस ने आज गुरुवार को गिरफ्तार किया है. वर्मा की गिरफ्तारी पीड़िता महिला पुलिस कर्मी द्वारा मुख्यमंत्री निवास के बाहर रात भर धरने देने के बाद संभव हुई है.
जहांगीराबाद पुलिस के अनुसार एएसपी राजेन्द्र वर्मा, को उनके अरेरा कालोनी स्थित निज निवासी से आज गुरुवार सुबह गिरफ्तार किया गया है. एएसपी वर्मा के खिलाफ बुरी नियत से अश्लील छेड़छाड़ करने मामला दर्ज है. पीड़ित महिला पुलिस कर्मी एडिशनल एसपी राजेन्द्र वर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कल बुधवार रात से मुख्यमंत्री निवास के सामने धरने पर बैठी रही. महिला पुलिस कर्मी, एडिशनल एसपी वर्मा की गिरफ्तारी के लिए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से मिलना चाहती थी. आज गुरुवार सुबह एडिशनल एसपी क्राइम ब्रांच रश्मि मिश्रा ने महिला पुलिस कर्मचारी को समझाइश देकर धरने पर से उठाया. महिला पुलिस कर्मी की मुख्यमंत्री निवास के सामने धरने पर बैठने की खबर मुख्यमंत्री सचिवालय, डीजीपी समेत जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को हो गई थी.
उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय में पदस्थ महिला कांस्टेबल ने एएसपी वर्मा पर अश्लील छेड़छाड़ करने के आरोप लगाए थे. महिला कई दिनों से एएसपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाने के लिए भटक रही थी, लेकिन भोपाल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी रिपोर्ट लिखने से कतरा रहे थे. करीब 15 दिन पूर्व पीड़िता ने एडीजी महिला अपराध अरुणा मोहन राव से एएसपी राजेन्द्र वर्मा के खिलाफ यौन शोषण की शिकायत की थी. बीते दिनों पुलिस मुख्यालय में चल रही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की समीक्षा बैठक के बाहर महिला ने जमकर हंगामा भी किया था. महिला के हंगामे के बाद भोपाल पुलिस हरकत में आई, और जहांगीराबाद थाने में एएसपी वर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया था. पुलिस ने आज वर्मा को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें