सोमवार, 6 नवंबर 2017

नोटबंदी सदी का सबसे बड़ा घोटाला

प्रदेश कांग्रेस 8 नवंबर को काला दिवस मनाएगी. प्रदेश के सभी जिलों में इस दिन कांग्रेस द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा. कांग्रेस का यह विरोध नोटबंदी के देश में उपजे हालातों को लेकर है. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नोटबंदी इस सदी का सबसे बड़ा घोटाला है.
यह बात आज प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के.मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही. उन्होंने कहा कि नोटबंदी से भारत की अर्थव्यवस्था पर जो दुष्प्रभाव पड़ा उससे देश अब तक नहीं उभरा है. मोदी सरकार का यह फैसला अर्थव्यवस्था को तार-तार करने वाला साबित हुआ है. उन्होंने कहा कि मोदी को भारत के इतिहास में मुहम्मद बिन तुगलक की कतार में लाकर खड़ा कर दिया है. उन्होंने मोदी सरकार से जानना चाहा कि चुनाव के पूर्व जो उन्होंने काला धन वापस लाने की बात कही थी और नोटबंदी के दौरान भी यही बात दोहराई थी, मगर अब वे यह बताएं कि काला धन कहां है. उन्होंने कहा कि 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी के समय चलन में 15.44 लाख करोड़ रुपए में से 15.28 करोड़ रुपए वापस आए हैं. उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री ने दावा किया था कि नोटबंदी के चलते 3 से 5 लाख करोड़ रुपए का कालाधन जमा ही नहीं कराया जाएगा. 10 दिसबंर 2016 को एटानी जनरल मुकुल रोहतकी ने सुप्रीम कोर्ट में बताया था कि सरकार को 15 लाख करोड़ रुपए में से 10 या 11 लाख करोड़ रुपए आने का अनुमान है. क्या मोदी बताएंगे कि जब सारा धन वापस बैंकों में जमा कर दिया गया तो कालाधन कहां गया?
मिश्रा ने इसी तरह जानना चाहा कि प्रधानमंत्री मोदी यह भी बताएं कि जाली करेंसी कहां गई?, क्या नोटबंदी के बाद आतंकवाद और नक्सलवाद पर लगाम लगी, क्या भारत डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ा?, क्या कालाधन पकड़ा गया?. मिश्रा ने कहा कि नोटबंदी के बाद छोटे दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों के कारोबर बंद हो रहे हैं. जीडीपी में 9.2 प्रतिशत से 5.7 प्रतिशत की गिरावट आई है, जिसका जिम्मेदार कौन है, जिसकी वजह से देश को 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ था.
मिश्रा ने बताया कि नोटबंदी के बाद देश में जिस तरह से व्यापारी और आम आदमी परेशान हो रहा है, इसके लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है. उन्होंने कहा कि इसके विरोध में कांगे्रस 8 नवंबर को प्रदेश में काला दिवस मनाएगी. इस दिन सभी जिला मुख्यालयों पर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें