गुरुवार, 16 नवंबर 2017

गोडसे के मंदिर पर मचा बवाल, कांग्रेस हुई हमलावर

प्रतिमा स्थापित करने वालों पर दर्ज हो राष्ट्रद्रोह का मामला, धरना आज

मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हिन्दू महासभा द्वारा महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे के मंदिर की स्थापना को लेकर बवाल मच गया है. इस मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को  घेरने शुरु कर दिया है. कांग्रेस ने जहां गोडसे की प्रतिमा की स्थापना करने वालों पर राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है. वहीं कल शुक्रवार को प्रदेश में गांधीवादी तरीके से विरोध जताने की घोषणा की है. कांग्रेस द्वारा पूरे प्रदेश में शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से धरना देकर कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा
ग्वालियरम में हिन्दू महासभा ने अपने लश्कर स्थित कार्यालय में महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा की स्थापना की, साथ ही प्रशासन से जमीन न मिलने पर दौलतगंज क्षेत्र में मंदिर बनाने का फैसला लिया.गोडसे की पुण्यतिथि पर महासभा द्वारा प्रतिमा की स्थापना की गई और मंदिर बनाने का संकल्प भी लिया गया. प्रतिमा स्थापना के साथ ही हिन्दू महासभा से जुड़े लोगों ने गोडसे को देशभक्त बताया और जब इसका विरोध शुरु हुआ तो कहा यह गया कि गोडसे की प्रतिमा को हमने अपने कार्यालय में रखा है, इस पर किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए. 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने इस विषयक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की चुप्पी पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि वे राज्य में अपने इस मौन के माध्यम से फासीवाद और अराजकता की नींव को मजबूती देने पर आमादा है. यादव ने कहा कि इस घटना के विरोध में कांग्रेसजन कल शुक्रवार को 17 नवंबर को पूरे प्रदेश में प्रात: 11.30 बजे स्थानीय गांधी-प्रतिमाओं पर मौन धारण कर गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएंगे और जिला कलेक्टरों को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप तत्काल गौड़से की प्रतिमा जब्त करने की मांग करेंगे.
दर्ज किया जाए राष्ट्रद्रोह का मुकादमा: कांगे्रस के मुख्य प्रवक्ता के.के.मिश्रा ने कहा कि गोडसे की प्रतिमा की स्थापना एक गंभीर घटना है, उससे जुड़े लोगों पर राष्ट्रद्रोह का प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए. मिश्रा ने कहा कि यह एक असामान्य घटना है, जिसे लेकर राज्य सरकार की कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आना किसी गहरी साजिश और संदेह को जन्म दे रही है. मिश्रा ने कहा कि अभी कुछ दिनों पूर्व गोडसे के वंशजों ने ग्वालियर-चंबल संभाग में ही गांधी की प्रतिमा को खंडित कर उनके चेहरे को काले रंग से विकृत कर दिया था, उस पर भी संबंधितों के विरुद्ध कोई सख्त कार्यवाही नहीं की गई. 
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने में किया हंगामा
गोडसे के मंदिर बनाने के मुद्दे पर राजधानी में आज कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है. कांग्रेसियों ने इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर भोपाल के हबीबगंज थाने में एक घंटे से ज्यादा समय तक हंगामा किया. गुस्साए कांग्रेसी थाना परिसर में घुस गये और पुलिस की मौजूदगी में थाने में जमकर नारेबाजी की है. इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं करने पर कांग्रेसी यहां धरने पर बैठक गये. पुलिस ने इस मामले में शिकायत लेते हुए मामले के जांच के बाद कार्रवाई करने बात कही है. वहीं नाराज कांग्रेसियों ने थाना परिसर के बाहर भी जमकर नारेबाजी की और गोडसे का मंदिर बनाने वालों के खिलाफ देशद्रोह की कार्रवाई करने की मांग की है.
मुंह में गांधी, दिल में गोडसे रखती है सरकार
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि भाजपा सरकार में महात्मा गांधी को अपमानित करने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की सरकार में पूरे विश्व में मध्यप्रदेश वह राज्य बना है, जहां गांधी को अपमानित करने और उनके हत्यारे नाथूराम गोडसे की प्रतिमा स्थापित होने का काम हो रहा है और गांधी की प्रतिमा को जलाया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मुंह में गांधी और दिल में गोडसे को रखकर उनकी प्रतिमाएं स्थापित कर रही है. उन्होंने कहा कि शिवराज बताएं कि उनकी सरकार गांधीजी के प्रति आस्था रखती है जिसका नाम उनके मुंह में है या वह गोडसे की प्रतिमा स्थापित करने वालों के साथ है, जिन्होंने बगैर अनुमति के हत्यारे की प्रतिमा को स्थापित किया.
बापू के हत्यारे का मंदिर, शर्मनाक कृत्य
कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की नाक के नीचे बापू के हत्यारे का मंदिर स्थापित किया जा रहा है, यह शर्मनाक कृत्य है, इसकी जितनी निंदा की जाए कम है. सिंधिया ने कहा कि प्रदेश सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए.


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें