बुधवार, 29 नवंबर 2017

खण्डवा के इंजीनियर ने फर्जी वेबसाइट बनाकर 12 सौ लोगों से की ठगी

नरसिंह चौहान
मध्यप्रदेश के खण्डवा जिले के एक साफ्टवेयर इंजीनियर ने पर्यटन विभाग की फर्जी वेबसाइट बनाकर कई लोगों की बुकिंग कर डाली. बुकिंग कराने वालों में इंदौर, पूना और नागपुर के पर्यटक शामिल हैं.
साइबर पुलिस के अनुसार हनुवंतिया टापू और सैलानी टापू के नाम से दो फर्जी वेबसाइट बनाकर हनुवंतिया आइलेण्ड और सैलानी आईलेण्ड को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की आफिसियल वेबसाईट के रुप में खण्डवा जिले के हरसूद के नरसिंह चौहान पिता भागवत चौहान ने प्रस्तुत किया. नरसिंह ने एक साल में 340 बार 1200 लोगों से 38,31,792 रुपए का कारोबार कर 10 लाख रुपए अवैध रुप से अर्जित किए हैं. साइबर क्राइम पुलिस को पर्यटन विभाग द्वारा खण्डवा में होटल/ आवास बुक करने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद जब साइबर क्राइम ने जांच शुरु की तो मामला सामने आया. पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी दो वेबसाइटों को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की आफिसियल वेबसाइट बताकर गुमराह किया और पर्यटन विभाग में होटल/ टेंट आवास की बुकिंग के लिए राशि प्राप्त की. आरोपी द्वारा पर्यटन के क्षेत्रीय मार्केटिंग कार्यालय पूना, इंदौर और नागपुर के माध्यम से पर्यटकों के लिए आवास बुक किए जाते थे तथा बुकिंग पर आरोपी 10 से 30 प्रतिशत डिस्काउंट प्राप्त करता था. इसकी जानकारी पर्यटकों को नहीं होती थी. आरोपी स्वयं अपनी वेबसाइट के नाम पर पर्यटकों को बिल देता था. साइबर पुलिस के अनुसार 29 अक्तूबर 2016 से 21 नवंबर 2017 के बीच आरोपी नरसिंह चौहान ने 340 बार करीब 1200 पर्यटकों हेतु आवास बुकिंग कराए और 38,31,792 रुपए का कारोबार किया. इसमें लगभग 10 लाख रुपए अवैध रुप से उसने अर्जित किए. पुलिस का कहना है कि आरोपी नरसिंह, पेशे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और पुणे की एक मल्टीनेशनल कम्पनी में काम करता है.पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है. पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है. पुलिस के अनुसार जानकारी के अभाव में लोग नरसिंह द्वारा की गई ठगी के शिकार हुए. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें