शुक्रवार, 10 नवंबर 2017

मिशन 2018 के लिए भाजपा का प्रबंधन शुरु, कंट्रोल रुम बनाया


भारतीय जनता पार्टी ने मिशन 2018 के लिए आज से प्रबंधन शुरु कर दिया है. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज भाजपा ने कंट्रोल रुम की शुरुआत कर दी. कंट्रोल रुम का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने किया.
भाजपा इस नियंत्रण कक्ष जरिए वीडियो कांफ्रेसिंग एवं आडियो संदेश कार्यकर्ताओं को भेजने का काम करेगी. नियंत्रण कक्ष का सेटअप पहले से तैयार किया जा रहा था, इसमें 50 से ज्यादा टेलीफोन आपरेटरों के बैठने की सुविधा है. नियंत्रण कक्ष के पास पार्टी के बूथ अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक का दूरभाष नंबर और जानकारी रहेगी. किसी भी समय पार्टी के किसी भी पदाधिकारी से चर्चा करने की सुविधा इस कक्ष से मुहैया कराई जाएगी.
भाजपा के इस नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ पूजा-अर्चना के साथ मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि  अभी चुनाव में एक साल है आज से ही हम मिलकर संकल्प लें कि प्रदेश में सरकार बनाने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा करेंगे और अपने दायित्वों का निर्वाह समर्पण और निष्ठा से करेंगे. उन्होंने कहा कि एकजुटता से चुनाव लड़ेंगे तो हमें भारी विजय मिलेगी. पहली अनौपचारिक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि समर्पण, समन्वय और एकजुटता से हम चौथी बार सरकार बनाएंगे और 2019 में केंद्र में भाजपा की सरकार बने, इसके लिए अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें