सोमवार, 27 नवंबर 2017

विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने लगाए जय-जय श्रीराम के नारे

 शीतकालीन सत्र शुरु, कांग्रेस विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ने ली शपथ
मध्यप्रदेश विधानसभा में आज चित्रकूट उपचुनाव में जीते कांग्रेस प्रत्याशी नीलांशु चतुर्वेदी के शपथ ग्रहण के बाद पार्टी के वरिष्ठ विधायक मुकेश नायक समेत कई अन्य विधायकों ने 'जय श्रीराम' के नारे लगाए. कांग्रेस सदस्यों के इस तरह नारे लगाने से पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक बाबूलाल गौर ने 'देर आयद दुरुस्त आयद' की कहावत के माध्यम से कांग्रेस पर कटाक्ष किया.
विधानसभा के शीतकालीन सत्र  के पहले दिन आज सोमवार को चित्रकूट उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से निर्वाचित निलांशु चतुर्वेदी ने शपथ ग्रहण करने के बाद सदस्य नामावली में हस्ताक्षर किए. उनके शपथ ग्रहण करते ही कांग्रेस विधायक मुकेश नायक ने 'जय-जय श्रीराम' का नारा लगाया. उनके समर्थन में कांग्रेस के कई अन्य विधायकों ने भी अपने सुर मिलाए. अप्रत्याशित स्थिति को देखते हुए बाबूलाल गौर ने कहा कि कांग्रेस सदस्य कम से कम 'जय श्रीराम' बोलना तो सीख गए. इसी बीच पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भी समझ आ गया है कि श्रीराम ही उनका बेड़ा पार करेंगे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता गुजरात में मंदिर-मंदिर घूम रहे हैं.  इस पर कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत ने कहा कि श्रीराम की शरण में जाने में कोई आपत्ति नहीं है. दोनों पक्षों के विधायकों के बीच हुई व्यांग्यात्मक बातचीत के बीच विधानसभा अध्यक्ष डा. सीताशरण शर्मा ने सदन की कार्यवाही को आगे बढ़ा दिया.
हर स्तर पर फेल है सरकार
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर स्तर पर फेल है. उन्होंने कहा कि महिला अपराधों पर सरकार द्वारा जनता का ध्यान भटकाने के लिए विधेयक लाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा पर नया कानून नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था को सुधारा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार व्यापमं, महिला अपराध, भावांतर जैसे मुद्दों पर सरकार को कांग्रेस घेरगी. नेता प्रतिपक्ष ने आशंका जताई कि शीतकालीन सत्र छोटा है, सरकार और इसे छोटा करने का प्रयास करेगी.
हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार सरकार
राज्य सरकार के प्रवक्ता और जनसंपर्क मंत्री डा. नरोत्तम मिश्र ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी मुद्दे पर चर्चा करा लें, सरकार हर मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल आरोप लगाने और कीचड़ उछालने का काम करती है. उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कभी अच्छा काम किया ही नहीं है और वह अच्छे काम की तारीफ भी नहीं करना चाहता है. डा. मिश्र ने कहा कि कांग्रेस के लिए शिवराज ही मुद्दा हैं, इसकी वजह है. जिस व्यक्ति ने कांग्रेस को 14 साल का वनवास दिया हो, वह उसके लिए मुद्दा तो होगा ही.
सीबीआई पर बड़ों को बचाने का आरोप
कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह ने  व्यापमं मामले को लेकर सीबीआई पर बड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाया. विधानसभा परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए गोविंदसिंह ने सीबीआई जांच को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं. मामले में कई बड़े नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों को बचाया जा रहा है. वहीं कुछ छुट-पुट लोगों पर सारे आरोप मढ़े जा रहे हैं. गोविंद सीबीआई की जांच से संतुष्ट नहीं है. गोविंद ने कहा कि विधानसभा में किसी भी प्रकार का वास्तुदोष नहीं हैं. जो आया है उसका दुनिया से जाना तय होता है. पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह को विधानसभा भवन निर्माण के लिए धन्यवाद भी दिया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें