शुक्रवार, 24 नवंबर 2017

मध्यप्रदेश, छग में उखाड़ फेंकेंगे भाजपा सरकार

 मायावती ने किया चुनावी शंखनाद, राम मंदिर से दलितों का नहीं होगा फायदा 
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकारों को हम आगामी विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकेंगे. भाजपा राम मंदिर के नाम पर फिर सरकार बनाना चाहती है, हम उसके मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि राम मंदिर से दलितों का फायदा होने वाला नहीं है. 
मायावती ने आज यह बात राजधानी के लाल परेड मैदान पर आयोजित रैली और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही. गुुरुवार की शाम को वे भोपाल पहुंची थी.इसके बाद से वे लगातार प्रदेश पदाधिकारियों के अलावा अन्य नेताओं से मुलाकात कर मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों के बारे में जानकारी जुटाती रहीं. इसके अलावा दोनों ही राज्यों में उन्होंने संगठन को मजबूत करने को पदाधिकारियों से कहा. आज उन्होंने दोपहर को लाल परेड मैदान पर सभा को संबोधित किया. माया के कार्यकर्ता सम्मेलन में मध्यप्रदेश के अलावा  छत्तीसगढ़ राज्य के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए. भीड़ भरी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर सीधा हमला किया. उन्होंने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में हम मध्यप्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़ की भाजपा की सरकारों को उखाड़ फेंकेंगे.  उन्होंने कहा कि वे भाजपा को राज्यों और केन्द्र से उखाड़ फेंकेने के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं. उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बनने से दलितों का फायदा नहीं होने वाला है. दलितों को मानव अधिकार मंदिर या देवता से नहीं मिले हैं, बल्कि बाबा साहब आंबेडकर ने ये अधिकार दिलाया है. मायावती ने कहा कि हम कृतसंकल्पित हैं कि दोनों राज्यों में हमें आगामी विधानसभा चुनराव में भाजपा की सरकारों को हटाना है. बाबा साहब आंबेडकर ही हमारे भगवान हैं.
बसपा के इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए मायावती के साथ राज्यसभा सदस्य सतीशचंद्र मिश्रा व बसपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार भी आए थे. वर्तमान में मध्यप्रदेश विधानसभा में बसपा के चार विधायक हैं. पार्टी अगले चुनाव में यहां अपने पैर जमाने के लिए कवायद में जुटी है. मायावती ने चारों विधायकों से भी चर्चा की. इसके अलावा विंध्य और बुंदेलखंड के अलावा ग्वालियर-चंबल अंचल के पदाधिकारियों से अलग-अलग चर्चा की है. मायावती को मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ संगठन की ओर से सोने का मुकुट एवं चांदी की तलवार फेंट की गई.  उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए डा. आंबेडकर को अपना आदर्श मानकर कार्य करने को कहा. उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में जिस तरह पार्टी ने कांशीराम के नेतृत्व में अपनी पकड़ मजबूत की और वहां सरकार बनाई, उसी तरह मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बसपा अपना विस्तार करेगी और यहां भी अपनी सरकार बनाएगी.
वोट की जुगाड़ के लिए राम मंदिर मुद्दे को हवा दे रही भाजपा
मायावती ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में दलितों की सुनवाई नहीं होती है.  उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदुत्व के एजेंडे पर काम कर रही है. वह सिर्फ वोट का जुगाड़ करने के लिए राम मंदिर के मुद्दे को हवा दे रही है. 2019 चुनाव को लेकर उन्होंने भाजपा  पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया. मध्य प्रदेश और छतीसगढ़ में किसानों की मौत को लेकर उन्होंने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में जब बसपा की सरकार थी, तब  किसानों के मौत न के बराबर थी. उन्होंने कहा कि भाजपा दलित विरोधी पार्टी है. दलितों का शोषण करती है. उन्हें राज्यसभा में अपनी बात नहीं रखने दी. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें