मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले को दिव्यांग मित्र बनाने के मकसद से दिसम्बर व जनवरी माह में आयोजित किए गए परीक्षण शिविरों में चिन्हित दिव्यांग एवं वृद्धजन के उपकरण तैयार हैं. आगामी 11 फरवरी को भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित होने जा रहे मेगा शिविर में सभी चिन्हित दिव्यांग एवं वद्धजन से अपने-अपने उपकरण लेने की अपील की गई है. संबंधित निकायों द्वारा दिव्यांगों व वृद्धजनों को पास जारी किए जा रहे हैं. मालूम हो दिसम्बर व जनवरी माह में भारत सरकार की एडिप व वयोश्री योजना अंतर्गत परीक्षण शिविर लगाए गए थे. दिव्यांग एवं वृद्धजनों के सहायतार्थ ग्वालियर में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने जा रहे सबसे बड़े शिविर की तैयारियां जारी हैं. 11 फरवरी को जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा शिविर आयोजित होने जा रहा है. इस शिविर में 5 हजार 600 दिव्यांग व वृद्धजनों को लाभान्वित कराया जाएगा. इनमें से 4 हजार 271 दिव्यांगों व वृद्धजनों को लगभग 2 करोड़ 90 लाख लागत के 8 हजार 108 कृत्रिम अंग व सहायता उपकरण मुहैया कराए जाएंगे. साथ ही दिव्यांग मित्र अभियान एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत विशेष शिविर लगाकर चिन्हित किए गए लगभग 14 सौ हितग्राहियों को आवास, रोजगार व स्वरोजगार एवं नौकरी के प्रमाण-पत्र भी मिलेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें