रविवार, 4 फ़रवरी 2018

4 देशों, 16 राज्यों के स्काउट गाईड के छात्र एडवेंचर में हुए शामिल

पारस चंद्र जैन 
मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट एवं गाईड  पारस चंद्र जैन ने पचमढी में अंतर्राष्ट्रीय एडवेंचर भारत स्काउट गाईड का शुभारंभ किया. अंतर्राष्ट्रीय एडवेंचर के कार्यक्रम में 4 देशों हाँगकांग, मलेशिया, बांग्ला देश एवं श्रीलंका के स्काउट गाईड के छात्र-छात्राएं शामिल हुए. कार्यक्रम में भारत के 16 राज्यों के भारत स्काउट गाईड के छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए. एडवेंचर का कार्यक्रम 8 दिवस का रहेगा. इस दौरान भारत स्काउट गाईड के छात्र-छात्राओं को चौरागढ, धूपगढ, बड़े महादेव एवं अन्य स्थानों का भ्रमण कराया जाएगा. एडवेंचर की गतिविधियों में नाइट ट्रेकिंग, मैप रीडिंग, नौका विहार, हॉर्स राईडिंग आदि सहित लगभग 28 प्रकार की एडवेंचर की गतिविधियां शामिल रहेंगी. सभी भारत स्काउट गाईड के छात्र-छात्राएं तंबू बनाकर रहेंगे. एडवेंचर के कार्यक्रम में लगभग 1100 स्काउट गाईड के छात्र-छात्राएं शामिल हैं. 
    शुभारंभ अवसर पर सभी को संबोधित करते हुए म.प्र. के ऊर्जा मंत्री एवं राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट एवं गाईड पारस चंद्र जैन ने कहा कि स्काउट गाईड के लिए समर्पण, त्याग एवं तपस्या मूल मंत्र हैं. उन्होंने चार देशों से आए स्काउट गाईड के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का तथा 16 प्रान्तों से आए स्काउट गाईड के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का अभिनंदन एवं स्वागत करते हुए कहा कि एडवेंचर के यह 8 दिन कैसे निकल जाएगा किसी को पता ही नहीं चलेगा. यहां बिताया हुआ समय बाद में हम सभी को याद आएगा. उन्होंने कहा कि आज स्काउट गाईड के पास सबसे ज्यादा गणवेश हैं. स्काउट गाईड युवाओं को देश से जोड़ने का कार्य भी करता है. श्री जैन ने कहा कि स्काउट गाईड से ज्यादा से ज्यादा छात्राएं जुडे. उन्होंने कहा कि सभी लोग ये 8 दिन के अलग-अलग अनुभव लेकर यहां से जाएगें. यहां से बहुत कुछ सीख कर जाएंगे. भारत स्काउट गाईड दिन बदिन बढ़ता जा रहा है. आज सेना के रूप में भी इसका उपयोग किया जा सकता है. जैन ने भारत स्काउट गाईड के छात्र-छात्राओं से कहा कि वे पचमढी में पर्यावरण का आनंद उठाएं एवं एडवेंचर कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें. उन्होंने बताया कि सिंहस्थ में भी 3 हजार भारत स्काउट गाईड के सदस्यों ने अपना योगदान दिया था. भारत स्काउट गाईड को और कैसे आगे बढ़ाएं इस पर लगातार विचार किया जा रहा है. श्री जैन ने कहा कि भारत स्काउट गाईड अनुशासन सिखाता है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत स्काउट गाईड के बच्चे जहां भी रहेंगे वे समाज को प्रेरणा देने का कार्य करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी व्यक्ति भारत स्काउट गाईड से जुड़े.    

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें