रविवार, 4 फ़रवरी 2018

ग्वालियर में लगेगा दिव्यांगों एवं वृद्धजनों का सबसे बड़ा शिविर

 5 हजार 600 से अधिक दिव्यांग व वृद्धजनों को बटेंगे उपकरण व सहायता 
दिव्यांग एवं वृद्धजनों के सहायतार्थ मध्यप्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा शिविर 11 फरवरी को ग्वालियर में आयोजित होने जा रहा है. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में इस दिन जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित होने जा रहे इस मेगा शिविर में लगभग 5 हजार 600 दिव्यांग व वृद्धजनों को लाभांवित कराया जाएगा.    इस मेगा शिविर में 4 हजार 271 दिव्यांगों व वृद्धजनों को लगभग 2 करोड़ 90 लाख लागत के 8 हजार 108 कृत्रिम अंग व सहायता उपकरण मुहैया कराए जाएंगे. साथ ही लगभग 1400 दिव्यांगों को रोजगार व स्वरोजगार एवं नौकरी के प्रमाण-पत्र भी मिलेंगे. 
केन्द्र व राज्य सरकार के अनुरूप दिवयांगों को सरकार की समस्त योजनाओं का लाभ दिलाने के मकसद से ग्वालियर जिले में दिव्यांग मित्र अभियान चलाया जा रहा है. दिव्यांग मित्र अभियान के तहत ही यह शिविर जिला प्रशासन, रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा एवं एलिम्को (कृत्रिम अंग निर्माण निगम जबलपुर) की संयुक्त भागीदारी से आयोजित हो रहा है. एलिम्को के अधिकारियों के मुताबिक ग्वालियर में राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में होने जा रहा यह शिविर संभवत: देश का पहला सामाजिक अधिकारिता शिविर भी है. मेगा शिविर से पहले ग्वालियर जिले में खण्ड स्तर से लेकर ग्वालियर नगर निगम स्तर तक अलग-अलग स्थानों पर परीक्षण शिविर लगाए गए. इन शिविरों में एलिम्को की टीम द्वारा दिव्यांग व वृद्धजनों को सहायता उपकरण व कृत्रिम अंग के लिए चिन्हित किया गया. साथ ही जिले में दिव्यांगों को रोजगार, स्वरोजगार व निजी कंपनियों को नौकरी देने के लिए रोजगार मेले भी लगाए गए.  
स्मार्ट फोन से लेकर मोटराईज्ड ट्राइस्किल तक बटेंगीं 
दिव्यांगों के सहायता वितरण शिविर में 119 बैटरी चलित ट्राइस्किल, 762 ट्राइस्किल, 277 व्हीलचेयर, 1236 बैशाखी, दृष्टिबाधितों के लिए 50 स्मार्ट फोन, 34 ब्रेल केन (छड़ी), 36 ब्रेल किट व 19 ब्रेल स्लेट, 30 डेजी प्लेयर, तथा बैटरी से संचालित 127 स्मार्ट केन वितरित होंगीं. इसके अलावा श्रवण बाधितों को 742 कान की मशीन, चलने में असमर्थ बच्चों के लिए  38 रोलेटर, मानसिक दिव्यांगों के लिए 268 एमएसआईडी किट, अस्थि बाधित दिव्यांगों के लिए 324 कैलीपर्स व प्रोस्थेसिस (कृत्रिम अंग), कुष्ठ रोगियों के लिए 26 एडीएल किट व इतने ही सेलफोन एवं सेरीब्रिल पॉलिसी अवस्था के तीन दिव्यांगों को सीपी चेयर वितरित की जाएंगी. राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 1089 वॉकिंग स्टिक, 806 नजर के चश्मे, 250 व्हीलचेयर, 773 श्रवण यंत्र, 417 ट्राइपोड, 197 टेट्रापोड, 85 कृत्रिम दांत (बत्तीसी), 14 बैशाखी व तीन फोल्डेबल वॉकर वितरित होंगे. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें