सोमवार, 5 फ़रवरी 2018

जिम्मेदारी को दूसरे पर ना टालें

अपनी जिम्मेदारी को दूसरों पर टालने की चेष्टा ना करें. अगर जनता की ओर से नहरों के संबंध में शिकायतें प्राप्त होती हैं, तो मौके पर मुआयना कर वस्तुस्थिति जानकर उनका तत्परता से निस्तारण करना सुनिश्चित करें. यह सीख गुना जिले के कलेक्टर राजेश जैन ने आज यहां समय सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में सी.एम. हेल्पलाईन की शिकायतों की समीक्षा के दौरान कार्यपालन यंत्री जलसंसाधन गुना के यह कहने पर कि एल वन की शिकायतें काटने के अधिकार उन्हें नहीं हैं, के संदर्भ में दी. कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन को कर्तव्य का बोध कराते हुए कहा कि एल-वन की शिकायतें काटने का अधिकार आपको है. बाद में कार्यपालन यंत्री ने स्वीकार किया कि एल वन की शिकायतें विलोपित करना उनके अधिकार क्षेत्र में है.   कलेक्टर ने सहरिया परिवारों की जमीनों से अतिक्रमण हटवाने के अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अगर कहीं सहरिया परिवारों की पट्टों की जमीनों पर अतिक्रमण हुआ है, तो उसको तत्काल हटवाया जाए. कलेक्टर ने स्वरोजगारमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन के प्रति गंभीरता से कार्य करने के इन योजनाओं से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए और कहा कि इन योजनाओं के तहत सिंचाई प्रकरण मंजूर कराना ही काफी नहीं हैं, बल्कि इनमें हितग्राहियों को ऋण वितरण कराना भी सुनिश्चित करें. उन्होंने स्वरोजगारमूलक योजनाओं से जुड़े अधिकारियों को हिदायत दी कि वे बैंकों में जाकर स्वीकृत प्रकरणों में हितग्राहियों को जल्द ऋण बंटवाना भी सुनिश्चित करें. कलेक्टर ने ऋण वितरण में रूचि ना लेने वाले अधिकारियों के विभाग प्रमुखों को पत्र लिखने के निर्देश दिए.    कलेक्टर ने राजस्व की वसूली पर विशेष ध्यान देने के अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व को निर्देश दिए और कहा कि राजस्व वसूली को तहसीलदार गंभीरता से लें और लक्ष्य के मुताबिक यथासमय राजस्व वसूली करना सुनिश्चित करें. कलेक्टर ने भावांतर भुगतान योजना की शिकायतों का मौका मुआयना कर तत्परता से निस्तारण करने के उपसंचालक कृषि को निर्देश दिए. कलेक्टर ने लोक शिक्षण विभाग में लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित लोक सेवकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देश दिए. कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी से पूछा कि अब तक कितनी राशन दुकानों पर कैशलेस ट्रांजेक्शन की व्यवस्था हुई. कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी से पूछा कि अपात्र परिवारों को समग्र सुरक्षा पोर्टल से विलोपित किया अथवा नहीं. कलेक्टर ने पात्रताधारी सहरिया परिवारों की जानकारी तैयार करने के जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें