राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों के 108 एंबुलेंस कर्मचारी आज गुरुवार को हड़ताल पर चले गए हैं. कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले तीन माह से उनके मासिक वेतन में अनावश्यक रूप से कटौती की जा रही है. इनके हड़ताल पर जाने से अस्पताल लाए जाने वाले मरीजों को परेशानी उठानी पड़ेगी. हालांकि, मरीजों को अस्पताल लाने के सरकारी एम्बुलेंस सहित अन्य निजी एम्बुलेंस की सेवा सुचारू है. राजधानी के जय प्रकाश अस्पताल में इकट्ठा हुए एंबुलेंस कर्मचारी संगठनों के पदािधकारियों ने राज्य सरकार से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की. संगठन के मीडिया प्रभारी असलम खान ने बताया कि कर्मचारियों को बिना बताए कई बार उनका वेतन काटा गया है. यह कटौती पिछले तीन माह से निरंतर जारी है. इस कटौती की वजह जानने के लिए कंपनी के अधिकारियों से बात करते हैं तो वो भी ठीक तरह से जवाब नहीं देते. एंबुलेंस चालकों का कहना है कि फरवरी माह के वेतन बिना बताए तीन हजार रुपए काट लिए गए. इससे पहले भी पूरी तनख्वाह नहीं दी गई थी. इस संबध में पहले की गई शिकायत के बाद आश्वासन मिला था की पहले हुई कटौती का भुगतान इस माह कर दिया जाएगा. कंपनी की ओर से पिछली कटौती भी नहीं लौटाई गई और अब बिना बताए फिर से पैसे काट लिए गए. एंबुलेंस संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हमारी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो अनिश्चितकाल के लिए हड़ताल पर चले जाएंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें