रविवार, 11 मार्च 2018

मेट्रोमोनियल साइट के जरिए ठगी, संचालक फरार

राजधानी  के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में एक फर्जी मेट्रीमोनियल साइट के जरिए ठगी किए जाने का मामला सामने आया है. मेट्रीमोनियल साइट संचालकों ने उत्तर प्रदेश निवासी एक परिवार को उनकी बेटी की शादी कराने का झांसा दिया और रुपए ले लिए. जब लंबे समय तक कुछ नहीं हुआ तो वह परिवार भोपाल पहुंचा और देखा तो साइट संचालक का आफिस बंद था. कोहेफिजा पुलिसके अनुसार प्रभात लौहार पिता भागीरथ लौहार  निवासी झांसी उत्तर प्रदेश, की शिकायत पर आरोपी रवि कुमार, रिया राजपूत, राहुल, रुचि मिश्रा और कमलेश लखेरा, के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि प्रभात लौहार ने अपनी बेटी की शादी करवाने के उद्देश्य से मेट्रीमोनियल साइट के संचालक पांचों आरोपियों से बीते 20 नवंबर 2017 को फोन पर संपर्क किया था. प्रभात लौहार ने दुकान नंबर 53 दाता कालोनी एयरपोर्ट रोड पहुंचकर आरोपियों को 32 हजार रुपए की रकम भी अदा की थी. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने 23 फरवरी को फरियादी की बेटी की शादी, भोपाल निवासी एक परिवार से तय करवाई थी. बीती 18 फरवरी को जब प्रभात लौहार शादी की बाकी डीटेल लेने के लिए दाता कालोनी स्थित मेट्रीमोनियल साइट के आफिस पहुंचे, तो आॅफिस बंद था. आरोपियों के बताए गए मोबाइल नंबरों पर जब प्रभात ने संपर्क किया, तो वह बंद पाया गया. बाद में फरियादी द्वारा थाने में एक शिकायती आवेदन सौंपा. आवेदन की जांच के आधार पर कल शनिवार को आरोपियों के खिलाफ चार सौ बीसी का मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है. विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें