गुरुवार, 8 मार्च 2018

कांग्रेस विधायकों ने लगाए जय श्रीराम के नारे

जय श्रीराम का उदघोष करते हुए भाजपा विधायकों को तो देखा है, मगर आज मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने यह नारा लगाया. मौका था प्रदेश में हाल ही संपन्न हुए विधानसभा उपचुनाव में जीत कर आए कांग्रेस के दो विधायकों के शपथ ग्रहण का. इस दौरान सत्ता पक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों की नोंकझोंक भी हुई.  गुरुवार को विधानसभा की कार्यवाही जैसे ही प्रारंभ हुई विधानसभा अध्यक्ष डा. सीतासरण शर्मा ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित सदस्यों कोलारस से चुनाव जीते महेन्द्र राम सिंह यादव और मुंगावली से ब्रजेन्द्र सिंह यादव को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इसके तुरंत बाद सदन में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह एवं अन्य सदस्यों ने जयश्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिए. अचानक कांग्रेस सदस्यों को जय श्रीराम के नारे लगाते देख सदन में थोड़ी देर के लिए ठहाके लगने लगे. प्रति उत्तर में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर ने चुटकी लेते हुए बड़ी देर भई नंदलाला... भजन सुना दिया. यह सुनते ही फिर ठहाके लगने लगे. दोनों नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथग्रहण करने के बाद सदन की कार्यवाही प्रारंभ हुई.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें