जन्मदिन पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं, गरीबों और मजदूरों के लिए की घोषणाएं
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के हर गरीब का अपना घर हो, यह उनका सपना है. इस सपने को वे पूरा करेंगे. उन्होंने कहा कि आने वाले 3-4 साल में हर गरीब को उसका अपना घर मिले यह मेरा संकल्प है. मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन पर गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के लिए कई घोषणाएं की. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीबों और मजदूरों के लिए कई घोषणाएं की. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी मजदूर भूमिहीन नहीं रहेगा। रहने के लिए जमीन का टुकड़ा हर एक मजदूर के पास होगा. आने वाले 3-4 साल में हर गरीब का मकान बने, ये मेरा संकल्प है. इसके लिए बेहतर प्रयास किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि मजदूर बहनों के लिए नई योजना बनाई गई है, इसे अप्रैल से लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इसके तहत गर्भवती महिलाओं को 6 महीने से लेकर 9 महीने तक 4 हजार हर महीने भरण पोषण के लिए दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटे या बेटी के जन्म पर 12 हजार की सहायता राशि दी जाएगी, जिससे वो बच्चे के जन्म के बाद भी उत्सव मना सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब मजदूर के बेटे-बेटियों की पढाई का खर्चा भी सरकार उठाएगी. पहली से लेकर पीएचडी तक की पढाई नि:शुल्क रहेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों को दाह संस्कार के लिए 5 हजार की राशि भी पंचायत में रखी जाएगी, जिससे मृत्यु के बाद किसी भी गरीब को अंतिम संस्कार के लिए संसाधन जुटा सकें. उन्होंने कहा कि गरीब परिवार के लिए सामान्य मौत पर 2 लाख रुपए तक का बीमा कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि बिजली के लिए भी गरीब और मजदूरों के लिए फ्लैट रेट तय किया जाएगा. 200 रुपए में महीने भर की बिजली दी जाएगी. भाजपा ने सेवा दिवस के रुप में मनाया जन्मदिन
भाजपा ने प्रदेश के सभी 56 संगठनात्मक जिलों के समस्त मंडलों में रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए. तहसील मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान के साथ प्रदेश एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया. साथ ही कन्या पूजन, सुंदरकांड, कन्याभोज, समरसता भोज के साथ रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाए गए. सेवा दिवस पर भाजपा के विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने मध्यप्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों के सम्मान समारोह एवं सम्मेलन आयोजित किए. इसके साथ ही विधायकों, सांसदों, जिला व जनपद अध्यक्षों, सहकारी बैंक अध्यक्षों, मंडी अध्यक्षों, महापौर, नगर पालिका अध्यक्षों, नगर परिषद अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्र में रचनात्मक कार्यों का आयोजन किया.
बच्चों और वृद्धों के बीच मनाया जन्मदिन
एक तरफ शिवराज सिंह को बधाई देने वालो का तांता लगा रहा तो दूसरी तरफ बच्चों के लाड़ले मामा शिवराज सिंह भोपाल में अनाथ आश्रम में रह रहे बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाने पहुंचे. राजधानी के बाल निकेतन अनाथ आश्रम पहुंचकर बच्चों के साथ केक काटकर एवं उन्हें चादर भेंटकर अपना जन्मदिन मनाया. उन्होंने इस अवसर पर कहा कि जितना सुकून बच्चों के साथ समय व्यतीत करने में है उतना सुकून जिंदगी में कहीं नहीं. इस अवसर पर मुख्यमंत्री अपने पूरे परिवार के साथ वहां गए हुए थे.इसके बाद वे आसरा वृद्धाश्रम में मुख्यमंत्री भी पहुंचे और सभी वृद्धजनों के बीच अपना जन्मदिन मनाया. उन्होंने यहां वृद्धों से आशीर्वाद लिया.इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बुजुर्गो के चेहरे पर अगर मुस्कुराहट आ जाये तो इससे बड़ा उपहार जिंदगी में नहीं माता पिता ही हमारे भगवान है उन्हें ही पूजना सबसे बड़ी पूजा है सबकी जिंदगी में बुढ़ापा आना है इसलिए देवतुल्य माता पिता की सेवा करे इस अवसर पर उन्होंने तीर्थ यात्रा स्किम का भी उल्लेख किया.
प्रधानमंत्री ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उन्हें बधाई देते हुए ट्वीटर पर लिखा है कि आपकी विनम्रता और सह्रदयता ने समाज के सभी वर्गों को जोड़कर रखा है. मैं आज शिवराज जी को जन्मदिन के मौके पर उनकी लंबी और स्वस्थ आयु की प्रार्थना करता हूं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें