मध्यप्रदेश विधानसभा में आज नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के सतना जिले के दो गांवों में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर खनन से जुड़े मामले में हजारों करोड़ रुपए का घोटाला होने का आरोप लगाने के बाद राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने मुख्य सचिव से जांच की घोषणा की. प्रश्नकाल के दौरान सिंह ने कहा कि सतना जिला मुख्यालय से लगे दो गांवों में शासकीय जमीन पर अतिक्रमण के बाद लगातार खनन हो रहा है और वर्ष 2016 में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं लोक अभियोजक के भी कहे जाने के बावजूद मामले में अब तक प्राथमिकी नहीं दर्ज हुई. मंत्री गुप्ता ने अपने जवाब में स्वीकार किया कि मामले में गड़बड़ी है और संभागायुक्त की अध्यक्षता में समूचे जिले के मामलों की जांच होगी. इससे असंतुष्ट प्रश्नकर्ता विधायक सिंह ने कहा कि विधानसभा की एक सर्वदलीय समिति बना कर मात्र उन दो गांव विशेषों में जांच के लिए भेजी जाए, लेकिन मंत्री ने उनकी मांग नहीं मानी. इसी बीच पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ विधायक बाबूलाल गौर ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यह न्याय का प्रश्न है और जांच होनी चाहिए.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें