विधानसभा में पेश किया अशासकीय संकल्प
मध्यप्रदेश विधानसभा में आज सदस्यों ने दो अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किये. स्कूल शिक्षा मंत्री विजय शाह के जवाब के बाद सदस्यों ने अशासकीय संकल्प वापस ले लिया.इसके अलावा महाराष्ट्र एवं विदर्भ एक्सप्रेस को बालाघाट से चलाने, रीवा से नागपुर के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने का अशासकीय संकल्प भी पेश किया गया, जिसे स्वीकृत कर केन्द्र को भेजे जाने की बात कही.विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने प्रदेश में हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी एवं अन्य परीक्षाएं प्रतिवर्ष मार्च के प्रथम सप्ताह में प्रारंभ होती हैं, जिसको दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं द्वारा व्यक्तित्व विकास एवं खेलकूद की समस्त गतिविधियां 31 दिसम्बर के पश्चात आयोजित करना अनिवार्य रूप से प्रतिबंधित किया जाए, का अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया. स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार को राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं 31 दिसम्बर से पहले करवाने के लिये पत्र लिखा गया है. उन्होंने कहा कि 26 जनवरी के बाद बच्चों को खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में शामिल नहीं होने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी. मंत्री के जवाब के बाद विधायक ने संकल्प वापस ले लिया. विधायक सुखेन्द्र सिंह ने संकल्प प्रस्तुत किया कि रीवा जिले के मऊगंज क्षेत्र में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना की जाए. स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस संबंध में केन्द्र सरकार को पत्र के माध्यम से अवगत करवा दिया जाएगा मंत्री के जवाब के बाद विधायक ने अशासकीय संकल्प वापस ले लिया.
कांग्रेस के रामनिवास रावत ने प्रदेश के अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग तथा पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों के स्थायी जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया के सरलीकरण किए जाने का अशासकीय संकल्प प्रस्तुत किया.सामान्य प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य द्वारा दिए तर्क और आसंदी पर बैठे विधानसभा उपाध्यक्ष डा. राजेन्द्र सिंह की सलाह की इस मामले में केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत के राजधानी आने पर चर्चा के बाद कुछ तय किया जाए. इस पर रावत ने संकल्प वापस ले लिया.
केन्द्र को भेजा जाएगा अशासकीय संकल्प
विधानसभा में आज महाराष्ट्र एवं विदर्भ एक्सप्रेस ट्रेन को बालाघाट से चलाए जाने, बिलासपुर भगत कोठी एवं बीलासपुर बीकानेर का स्टाप आमगांव स्टेशन पर रखने, इंदौर से चलकर हावड़ा जाने वाले क्षिप्रा एक्सप्रेस का स्टापेज सीहोर किए जाने, रीवा से नागपुर के बीच साप्ताहितक ट्रेन चलाने एवं हरदा रेलवे स्टेशन पर सभी प्रमुख ट्रेनों के स्टापेज किए जाने के अशासकीय संकल्प भी पेश किए गए. ये संकल्प हिना लिखीराम कांवरे, रणजीतसिंह गुणवान, शंकरलाल तिवारी ने पेश किए. इनका जवाब जनसंपर्क मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने दिया. उन्होंने कहा कि इन सभी अशासकीय संकल्पों को केन्द्र को भेजा जाएगा.इसके बाद सर्वसम्मति से संकल्प स्वीकृत कर लिए गए.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें